एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 23 पैसे की बढ़त के साथ 85.15 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी बाजारों में डॉलर में तेज गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में तेजी के बीच विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया 23 पैसे की बढ़त के साथ 85.15 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही।

जरुरी जानकारी | रुपया 23 पैसे की बढ़त के साथ 85.15 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 21 अप्रैल विदेशी बाजारों में डॉलर में तेज गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में तेजी के बीच विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया 23 पैसे की बढ़त के साथ 85.15 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर इंडेक्स 99 अंक के स्तर से नीचे टूटता हुआ अपने तीन साल के सबसे निचले स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा, विदेशी कोषों का निवेश प्रवाह बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी रुपये को फायदा पहुंचाया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.15 पर खुला और डॉलर के मुकाबले दिन के उच्चतम स्तर 85.03 और निम्नतम स्तर 85.19 के बीच घूमने के बाद कारोबार के अंत में 85.15 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद स्तर से 23 पैसे की बढ़त है।

बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 26 पैसे बढ़कर 85.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

‘गुड फ्राइडे’ के कारण शुक्रवार को विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार बंद था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि कमजोर डॉलर और व्यापार शुल्क चिंताओं में कमी आने के कारण रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। वैश्विक जोखिम उठाने की क्षमता में सुधार और ताजा विदेशी निवेश भी रुपये को समर्थन दे सकता है। हालांकि, आयातकों द्वारा डॉलर की खरीद, तेज बढ़त को रोक सकती है। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 84.80 से 85.35 के बीच रहने की उम्मीद है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती मापने वाला- डॉलर इंडेक्स 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.10 पर कारोबार कर रहा था।

अमेरिकी डॉलर लगातार दबाव का सामना कर रहा है। डॉलर इंडेक्स (डीएक्सवाई) इस साल अब तक नौ प्रतिशत से अधिक नीचे है। विशेषज्ञों ने कहा कि यह बढ़ती उम्मीदों को दर्शाता है कि फेडरल रिजर्व को अंततः बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.80 प्रतिशत गिरकर 66.06 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 855.30 अंक चढ़कर 79,408.50 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 273.90 अंक बढ़कर 24,125.55 अंक पर पहुंच गया।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,970.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2025 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).