जरुरी जानकारी | रुपया 13 पैसे की बढ़त के साथ 87.07 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी, अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे मजबूत होकर 87.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, पांच मार्च स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी, अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे मजबूत होकर 87.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्क वृद्धि के कदम ने वैश्विक बाजारों में एक श्रृंखलाबद्ध प्रतिक्रिया शुरू कर दी है, जिससे डॉलर में गिरावट आ रही है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह 87.18 पर खुला और फिर डॉलर के मुकाबले 86.93 के दिन के उच्चतम स्तर और 87.20 के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में 87.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 13 पैसे की बढ़त है। मंगलवार को रुपया 13 पैसे की तेजी के साथ 87.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि रुपया लगातार तीसरे दिन मजबूत हुआ, जो क्षेत्रीय मुद्राओं के अनुरूप रहा क्योंकि जोखिम वाली संपत्तियों में उछाल आया, जबकि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट के कारण सुरक्षित डॉलर कमजोर हुआ।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.79 प्रतिशत घटकर 104.91 पर कारोबार कर रहा था।
वायदा कारोबार में वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.75 प्रतिशत घटकर 70.51 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 740.30 अंक बढ़कर 73,730.23 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 254.65 अंक बढ़कर 22,337.30 अंक पर बंद हुआ।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,895.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अन्य देशों द्वारा लगाए गए उच्च शुल्कों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘बहुत अनुचित’ करार दिया और अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क लगाने वाले देशों पर दो अप्रैल से जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की।
ट्रंप ने मंगलवार को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2025 09:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

