जरुरी जानकारी | रुपया दो पैसे गिरकर 83.38 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारतीय रिजर्व बैंक के नीति दर को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखने के फैसले के बीच रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे टूटकर 83.38 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
मुंबई, आठ दिसंबर भारतीय रिजर्व बैंक के नीति दर को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखने के फैसले के बीच रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे टूटकर 83.38 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.35 पर खुला और अंत में 83.38 (अस्थायी) पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की गिरावट हुई।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार पैसे टूटकर 83.36 पर बंद हुआ था।
कारोबारियों ने हालांकि कहा कि आरबीआई गवर्नर के सकारात्मक रुख और घरेलू शेयर बाजारों में तेजी से रुपये को समर्थन मिल सकता है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि बाजार की उम्मीदों के मुताबिक रिजर्व बैंक ने नीतिगत दर को अपरिवर्तित रखा, जिसके बाद रुपया सपाट बंद हुआ।
उन्होंने कहा कि बेहतर व्यापक आर्थिक वातावरण, मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार और विदेशी कोषों की लिवाली के चलते रुपया बाहरी जोखिमों के प्रति मजबूत बना हुआ है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़कर 103.78 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.27 प्रतिशत बढ़कर 75.73 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,564.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 08, 2023 05:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

