जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे टूटकर 83.52 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले चार पैसे टूटकर 83.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में गिरावट आई।
मुंबई, तीन जुलाई अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले चार पैसे टूटकर 83.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती के कारण भारतीय रुपये में गिरावट आई, जो मंगलवार को दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। हालांकि, घरेलू बाजारों में मजबूती और अनुकूल वृहद आर्थिक आंकड़ों ने गिरावट को कम किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.51 प्रति डॉलर के भाव पर खुला और सत्र के दौरान 83.49 के ऊपरी स्तर तथा 83.56 के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले चार पैसे की गिरावट के साथ 83.52 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
मंगलवार को रुपया चार पैसे घटकर 83.48 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि अमेरिकी डॉलर में नरमी और वैश्विक जोखिम धारणा में वृद्धि के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। घरेलू बाजारों में मजबूती से भी धारणा को समर्थन मिल सकता है।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमत और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से तेज उछाल पर रोक लग सकती है। व्यापारी एडीपी गैर-कृषि रोजगार, साप्ताहिक बेरोजगारी दावों, आईएसएम सेवा पीएमआई, व्यापार संतुलन और अमेरिका से फैक्ट्री ऑर्डर के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक का ब्योरा सामने आने से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.61 रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.09 प्रतिशत बढ़कर 86.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स कारोबार के दौरान ऐतिहासिक 80,000 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 545.35 अंक बढ़कर 79,986.80 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 162.65 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 24,286.50 अंक पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,000.12 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2024 06:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

