एजेंसी न्यूज

Rupee vs Dollar: रुपया चार पैसे टूटकर 82.64 प्रति डॉलर पर

अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने के कारण सोमवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 82.64 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया.

Rupee vs Dollar: रुपया चार पैसे टूटकर 82.64 प्रति डॉलर पर
Dollar vs Rupee (Photo Credit: Pixabay)

मुंबई, 29 मई: अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने के कारण सोमवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 82.64 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया. बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख, विदेशी पूंजी का निवेश बढ़ने तथा कच्चे तेल कीमतों में गिरावट की वजह से रुपये की गिरावट सीमित रही. यह भी पढ़ें: Rupee vs Dollar: शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे चढ़कर 82.81 पहुंचा

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और रिपब्लिकन हाउस के स्पीकर केविन मैकार्थी के बीच ऋण सीमा (डेट सीलिंग) पर शुरुआती समझौते होने के कारण डॉलर मजबूत हुआ. इस समझौते पर बुधवार को मतदान की संभावना है. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.57 के भाव पर मजबूत खुला और कारोबार के अंत में चार पैसे की गिरावट के साथ 82.64 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान रुपये ने 82.51 रुपये के उच्च तथा 82.67 प्रति डॉलर के निचले स्तर को छुआ.

शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.60 के भाव पर बंद हुआ था. दुनिया की छह प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.23 हो गया. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.40 प्रतिशत घटकर 76.64 डॉलर प्रति बैरल रह गया.

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 344.69 अंक की तेजी के साथ 62,846.38 अंक पर पहुंच गया. विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को 350.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2023 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).