एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया पांच पैसे टूटकर 84.88 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को पांच पैसे कमजोर होकर 84.88 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट, विदेशी पूंजी की निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये में गिरावट आई।

जरुरी जानकारी | रुपया पांच पैसे टूटकर 84.88 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

मुंबई, 12 दिसंबर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को पांच पैसे कमजोर होकर 84.88 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट, विदेशी पूंजी की निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि आयातकों और विदेशी कोषों की डॉलर मांग के कारण रुपये में कमजोरी रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.85 प्रति डॉलर पर खुला और दिन में कारोबार के दौरान यह सीमित दायरे में कारोबार के बाद 84.89 प्रति डॉलर के अपने सार्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। अंत में रुपया पांच पैसे टूटकर 84.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

बुधवार को रुपया दो पैसे की तेजी के साथ 84.83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

रुपये का पिछला न्यूनतम बंद स्तर नौ दिसंबर को दर्ज किया गया था, जब यह डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 84.86 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और कमजोर घरेलू बाजारों के कारण रुपया अबतक के सबसे निचले स्तर पर आ गया।

उन्होंने कहा कि अमेरिका में बढ़ती मुद्रास्फीति के कारण डॉलर में मजबूती दर्ज की गई। हालांकि, यह अनुमान के अनुरूप ही रहा।

चौधरी ने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा किसी भी तरह का हस्तक्षेप रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है। कारोबारी पीपीआई (उत्पादक मूल्य सूचकांक) और अमेरिका से साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 84.65 से 85.10 के बीच रह सकती है।’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत बढ़कर 106.81 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.63 प्रतिशत घटकर 73.06 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 236.18 अंक की गिरावट के साथ 81,289.96 अंक पर और एनएसई निफ्टी 93.10 अंक टूटकर 24,548.70 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजारों में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 3,560.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2024 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).