जरुरी जानकारी | रुपया 16 पैसे की गिरावट के साथ 83.35 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 16 पैसे की गिरावट के साथ 83.35 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। आयातकों और बैंकों की माह के आखिर में डॉलर मांग बढ़ने तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने के कारण रुपये में गिरावट आई।
मुंबई, 27 दिसंबर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 16 पैसे की गिरावट के साथ 83.35 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। आयातकों और बैंकों की माह के आखिर में डॉलर मांग बढ़ने तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने के कारण रुपये में गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में जोरदार लिवाली का रुख बाजार धारणा में तेजी लाने में विफल रहा। इसका कारण निवेशकों के बीच लाल सागर के रास्ते वैश्विक व्यापार के बाधित होने की आशंका के कारण कच्चे तेल कीमतों में उतार चढ़ाव को लेकर चिंता बनी हुई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.21 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान रुपया 83.20 प्रति डॉलर के उच्चस्तर और 83.35 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 83.35 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे कम है।
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.19 पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा कि विदेशी बैंकों और आयातकों की डॉलर मांग के कारण भारतीय रुपये में गिरावट आई है।
उन्होंने कहा, ‘‘एफआईआई की पूंजी निकासी का भी रुपये पर असर पड़ा। हालांकि, सकारात्मक घरेलू बाजार और अमेरिकी डॉलर में कमजोर रुख ने गिरावट को सीमित किया।’’
चौधरी ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों और आयातकों की माह के आखिर में डॉलर मांग के कारण रुपये में मामूली नकारात्मक रुख के साथ कारोबार होने की संभावना है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक मामूली गिरावट के साथ 101.07 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.94 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 701.63 अंक की तेजी के साथ 72,038.43 अंक के नये उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 95.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 27, 2023 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

