जरुरी जानकारी | रुपया 12 पैसे गिरकर 82.33 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा की तुलना में रुपया बुधवार को 12 पैसे टूटकर 82.33 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर अमेरिकी मुद्रा की तुलना में रुपया बुधवार को 12 पैसे टूटकर 82.33 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और विदेशी निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी से रुपये की विनियम दर में गिरावट आई। निवेशकों के जोखिम लेने से बचने से भी रुपये में गिरावट देखी गई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.32 पर खुला और कारोबार के दौरान 82.15 के उच्चस्तर तक गया और 82.37 के निचले स्तर तक आया।
अंत में रुपया शुरुआती गिरावट से मामूली रूप से उबरते हुए पिछले बंद भाव के मुकाबले 12 पैसे गिरकर 82.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इससे पहले मंगलवार को रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए 19 पैसे की बढ़त के साथ 82.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘डॉलर सूचकांक के अनुरूप रुपया एक और दिन स्थिर रहा। इस सप्ताह रुपये ने सीमित दायरे में कारोबार किया।’’
उन्होंने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में मजबूती और खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप ने बुधवार के कारोबार में रुपये का समर्थन किया। भविष्य में रुपया 82.10 से 82.80 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है।
कारोबारियों के अनुसार, घरेलू स्तर पर मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
इस बीच, घरेलू अर्थव्यवस्था को दोहरा झटका लगा है। खाने-पीने की वस्तुओं की उच्च कीमतों ने खुदरा मुद्रास्फीति को पांच महीने के उच्चस्तर 7.4 प्रतिशत पर पहुंचा दिया है, जबकि देश का औद्योगिक उत्पादन में 18 माह में पहली बार गिरावट आई।
इसके अलावा दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत गिरकर 113.21 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.39 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 94.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इसके अलावा, बीएसई सेंसेक्स 478.59 अंक या 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ 57,625.91अंक पर पंहुचा गया तथा निफ्टी में भी 140.05 अंक की मजबूती आई।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने 542.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2022 08:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

