जरुरी जानकारी | रुपया 37 पैसे टूटकर 81.90 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 37 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ अपने अबतक के सबसे निचले स्तर 81.90 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर आ गया।
मुंबई, 28 सितंबर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 37 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ अपने अबतक के सबसे निचले स्तर 81.90 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर आ गया।
विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और निवेशकों के जोखिम वाले बाजारों में निवेश करने से बचने से घरेलू मुद्रा में गिरावट आई।
घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के रुख और विदेशी निवेशकों की निकासी के बीच कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार 82 प्रति डॉलर से नीचे आ गया था। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.90 प्रति डॉलर पर खुला और अंत में 37 पैसे की गिरावट लेकर इसी स्तर पर बंद हुआ।
वहीं, मंगलवार को रुपये की विनियम दर 14 पैसे चढ़कर 81.53 प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड की जिंस एवं मुद्रा अनुसंधान उपाध्यक्ष सुगंधा सचदेवा ने कहा कि बाजारों में जोखिम से बचने के भाव के बीच रुपया सिकुड़ते हुए नए निचले स्तर पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट और डॉलर सूचकांक के 115 के महत्वपूर्ण स्तर पर करीब पहुंचने से भी स्थानीय मुद्रा में गिरावट आई है।
सचदेवा ने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट के बीच रिजर्व बैंक द्वारा सीमित हस्तक्षेप से रुपये में बिकवाली का मौजूदा दौर चल रहा है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.43 प्रतिशत चढ़कर 114.59 पर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अब सभी का ध्यान रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक पर है। इस बैठक में नीतिगत दरों पर शुक्रवार को निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.41 प्रतिशत गिरकर 85.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 509.24 अंक यानी 509.24 प्रतिशत टूटकर 56,598.28 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 148.80 अंक की गिरावट आई।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध बिकवाल बने हुए हैं। उन्होंने मंगलवार को 2,823.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2022 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

