एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 32 पैसे गिरकर 81.94 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती से पैदा हुए भारी उतार-चढ़ाव के बीच बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 32 पैसे गिरकर 81.94 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया।

जरुरी जानकारी | रुपया 32 पैसे गिरकर 81.94 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

मुंबई, छह अक्टूबर कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती से पैदा हुए भारी उतार-चढ़ाव के बीच बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 32 पैसे गिरकर 81.94 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये ने 81.52 के स्तर पर खुलने के साथ सकारात्मक शुरुआत की थी लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव होने से रुपये पर दबाव देखा गया। कारोबार के दौरान रुपये ने 81.51 का उच्चस्तर और 81.94 का निचला स्तर भी देखा।

कारोबार के अंत में रुपया 81.94 रुपये प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले 32 पैसे की भारी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को रुपया 81.62 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था। बुधवार को दशहरा के अवसर पर बाजार बंद रहा था।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के विदेशी मुद्रा एवं सर्राफा विश्लेषक गौरांग सोमैया ने कहा, ‘‘मंगलवार को रुपये में थोड़ी मजबूती देखी गई थी लेकिन आज यह फिर से दबाव में आ गया। अमेरिकी डॉलर में मजबूती आने से रुपये में गिरावट देखी गई। दरअसल, अमेरिका में सेवा पीएमआई और निजी नौकरियों के आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहने से डॉलर को मजबूती मिली।’’

सोमैया ने कहा कि डॉलर के मुकाबले यूरो और पाउंड में भी ऊपरी स्तरों पर बिकवाली का दबाव देखा गया। उन्होंने कहा कि अब यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) की बैठक के ब्योरे पर नजरें टिकी रहेंगी।

सोमैया ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 81.20 से लेकर 82.05 के दायरे में रहने की उम्मीद है।

इस बीच, दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 111.27 पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.08 प्रतिशत गिरकर 93.30 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

घरेलू स्तर पर शेयर बाजारों में बढ़त का रुख बना रहा। सेंसेक्स 156.63 अंक चढ़कर 58,222.10 अंक पर पहुंच गया जबकि निफ्टी 57.50 अंक की बढ़त के साथ 17,331.80 अंक हो गया।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदारी की। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को विदेशी निवेशकों ने 1,334.63 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की लिवाली की।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 06, 2022 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).