एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 17 पैसे टूटकर 82.78 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में नये वर्ष के पहले कारोबारी सत्र में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 17 पैसे की गिरावट के साथ 82.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से रुपये में गिरावट आई।

जरुरी जानकारी | रुपया 17 पैसे टूटकर 82.78 प्रति डॉलर पर

मुंबई, दो जनवरी अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में नये वर्ष के पहले कारोबारी सत्र में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 17 पैसे की गिरावट के साथ 82.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से रुपये में गिरावट आई।

पिछले साल के आखिरी कारोबारी सत्र में रुपया 14 पैसे के लाभ के साथ 82.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार की तेजी और वैश्विक बाजारों में डॉलर के कमजोर होने से रुपये की संभावित तेजी पर कच्चे तेल मूल्यों में आई बढ़त और विदेशी संस्थागत निवेशकों की धन निकासी ने अंकुश लगा दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.66 के स्तर पर कमजोर खुला और कारोबार के अंत में यह 17 पैसे की गिरावट के साथ 82.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 82.56 के उच्चस्तर और 82.78 के निचले स्तर को छुआ।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘भारतीय रुपया नए साल के पहले कारोबारी सत्र में मामूली नुकसान के साथ खुला क्योंकि कई बाजार नए साल की छुट्टी के कारण बंद रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पूंजी प्रवाह के अभाव में रुपया शुरुआती तेजी को कायम नहीं रख पाया। कारोबार हल्का होने के साथ मजबूत घरेलू शेयर बाजार और उम्मीद से बेहतर पीएमआई आंकड़ों से रुपये को समर्थन नहीं मिल पाया।’’

बुधवार को जारी होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे पर निकट अवधि में निवेशकों की नजर होगी।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.30 प्रतिशत घटकर 103.52 रह गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.94 प्रतिशत बढ़कर 85.91 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 327.05 अंक बढ़कर 61,167.79 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 212.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान में अनुसंधान विश्लेषक, अनुज चौधरी के अनुसार, विदेशी निवेशकों की धन निकासी और चीन में कोविड-19 मामलों में वृद्धि पर चिंता के कारण रुपये में गिरावट आई है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का भी रुपये पर असर पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 02, 2023 08:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).