जरुरी जानकारी | रुपया 22 पैसे की गिरावट के साथ 83 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को 22 पैसे की गिरावट के साथ 83 प्रति डॉलर के अपने अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की सतत निकासी से रुपये में बड़ी गिरावट आई।
मुंबई, तीन जनवरी अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को 22 पैसे की गिरावट के साथ 83 प्रति डॉलर के अपने अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की सतत निकासी से रुपये में बड़ी गिरावट आई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.69 के स्तर पर सकारात्मक रुख के साथ खुला लेकिन बाद में इसका आरंभिक लाभ लुप्त हो गया और यह 83 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर को छू गया और कारोबार के अंत में 22 पैसे टूटकर 83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.78 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।
इससे पहले 19 अक्टूबर 2021 को रुपया 83 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक एक प्रतिशत बढ़कर 104.55 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.02 प्रतिशत बढ़कर 85.93 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि आयातकों की डॉलर लिवाली बढ़ने से रुपये में गिरावट का रुख कायम हो गया। इसके अलावा कारोबारियों को बुधवार को आने वाले फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे का इंतजार है जिससे रुपये पर दबाव रहा।
परमार ने कहा, ‘‘प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कीमत में हलचल को देखते हुए इन दोनों मुद्राओं का अंतर बढ़ने की अधिक संभावना है। एक बार रुपया 83 से ऊपर जाने की पुष्टि होने के बाद सौदों की कमी को पूरा करने के लिए लिवाली अनिवार्यत: होगी और थोड़े समय के लिए यह 83.50 और 83.70 के दायरे में देखा जा सकता है।’’
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 126.41 अंक बढ़कर 61,294.20 अंक पर बंद हुआ।
कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड में मुद्रा डेरिवेटिव्स और ब्याज दर डेरिवेटिव्स विभाग के उपाध्यक्ष अनिंद्य बनर्जी ने कहा, ‘‘बाजार में कल आने वाले फेडरल रिजर्व के ब्योरे से घबराहट होगी। हमें उम्मीद है कि डॉलर-रुपया 82.70 और 83.25 की सीमा के भीतर कारोबार करेगा।"
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 628.07 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष, जतिन त्रिवेदी ने कहा कि रुपया दिसंबर, 2022 के मध्य से 82.50-83 के बीच कारोबार कर रहा है और अगर यह 83 के स्तर को पार करता है तो कमजोरी के एक और दौर देखने के लिए तैयार रहना होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 03, 2023 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

