जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे टूटकर 79.06 प्रति डॉलर के नये ऐतिहासिक निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 79.06 रुपये प्रति डॉलर के नये ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ। रुपये में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज हुई है।
मुंबई, 30 जून विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 79.06 रुपये प्रति डॉलर के नये ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ। रुपये में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज हुई है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि गिरावट का कारण विदेशों में डॉलर का मजबूत होना और विदेशी पूंजी की बाजार से सतत निकासी है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 78.92 पर खुला। कारोबार के दौरान रुपये ने 78.90 के दिन के उच्चतम स्तर और 79.03 के निचले स्तर को छुआ। अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट के साथ 79.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये का पिछला बंद भाव 79.03 प्रति डॉलर था।
सूत्रों ने कहा कि बुधवार को रुपया पहली बार 79 रुपये प्रति डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों के मूल्य उतार-चढ़ाव को देखते हुए हम रुपये के 79.10 के स्तर की ओर बढ़ने से पहले मुनाफावसूली देख सकते हैं।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 105.16 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा का दाम 0.17 प्रतिशत गिरकर 116.06 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 8.03 अंक की गिरावट के साथ 53,018.94 अंक पर बंद हुआ।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के विदेशी मुद्रा एवं सर्राफा विश्लेषक, गौरांग सोमैया ने कहा, ‘‘रुपये में कमजोरी मुख्य रूप से अन्य मुद्राओं की तुलना में डॉलर में मजबूती की वजह से थी। अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े अनुमान की तुलना में थोड़ा कम थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 30, 2022 08:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

