एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 75 पैसे की बड़ी बढ़त के साथ 86.03 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद के बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरकर मंगलवार को 75 पैसे की बड़ी बढ़त के साथ 86.03 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया 75 पैसे की बड़ी बढ़त के साथ 86.03 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 24 जून पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद के बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरकर मंगलवार को 75 पैसे की बड़ी बढ़त के साथ 86.03 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों का मानना है कि कमजोर डॉलर और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने स्थानीय मुद्रा को और बल दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान और इजराइल के युद्धविराम के करीब होने की घोषणा के बाद बाजारों को नई उम्मीद मिली है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 3.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 69.20 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.07 पर खुला। दिन में 85.91 से 86.27 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद यह 86.03 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 75 पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 23 पैसे टूटकर पांच महीने के निचले स्तर 86.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने बताया कि इजराइल और ईरान के बीच युद्धविराम की खबरों से वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार के कारण रुपये में तेजी आई।

चौधरी ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट और सकारात्मक घरेलू बाजारों ने रुपये को समर्थन दिया, जबकि युद्धविराम की खबरों के बीच डॉलर सूचकांक में नरमी आई।

उन्होंने कहा, ‘‘ अमेरिकी डॉलर-भारतीय रुपये की जोड़ी के 85.60-86.40 के बीच कारोबार करने के आसार हैं। ’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.94 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 158.32 अंक की बढ़त के साथ 82,055.11 अंक पर और निफ्टी 72.45 अंक चढ़कर 25,044.35 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,874.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2025 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).