जरुरी जानकारी | रुपया 80.15 के सर्वकालिक निचले स्तर को छूने के बाद सात पैसे टूटकर 79.91 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले सोमवार को रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 79.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आक्रामक टिप्पणियों के बाद विदेशों में डॉलर में मजबूती से घरेलू मुद्रा में गिरावट आई।
मुंबई, 29 अगस्त अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले सोमवार को रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 79.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आक्रामक टिप्पणियों के बाद विदेशों में डॉलर में मजबूती से घरेलू मुद्रा में गिरावट आई।
विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से भी विदेशी मुद्रा बाजार में धारणा कमजोर हुई। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप ने रुपये में गिरावट को सीमित कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 80.10 के स्तर पर कमजोर खुला। कारोबार के दौरान 80.15 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। अंत में यह सात पैसे टूटकर 79.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया 20 जुलाई को पहली बार डॉलर के मुकाबले 80 से नीचे 80.05 पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल बैंक की शुक्रवार को आक्रामक तीखी टिप्पणी के बाद कमजोर एशियाई मुद्राओं और जोखिम से बचने की भावनाओं ने डॉलर सूचकांक को दो दशक के नए उच्चस्तर 109.48 पर पहुंचा दिया।’’
परमार ने कहा, ‘‘रुपये में कुछ सुधार हुआ है लेकिन अभी इसमें कमजोरी बनी हुई है। आने वाले दिनों में रुपया 80.50 से 80.80 प्रति डॉलर पर जा सकता है। वहीं, सकारात्मक दिशा में यह 79.65 रुपये प्रति डॉलर तक जा सकता है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.28 प्रतिशत बढ़कर 109.10 हो गया।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी के मुताबिक, विदेशी बाजार में डॉलर के मजबूत होने और बिगड़ती वैश्विक जोखिम धारणा से रुपये में गिरावट आई और यह अबतक के सबसे निचले स्तर को छू गया।
इस बीच, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.64 प्रतिशत बढ़कर 101.64 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 861.25 अंक या 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,972.62 पर बंद हुआ। दूसरी ओर एनएसई निफ्टी 246.00 अंक या 1.4 प्रतिशत गिरकर 17,312.90 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 561.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 29, 2022 09:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

