देश की खबरें | ओडिशा विधानसभा में लगातार चौथे दिन हंगामा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के एक विधायक के बयान को लेकर बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन भी हंगामा देखने को मिला।
भुवनेश्वर, 28 सितंबर ओडिशा विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के एक विधायक के बयान को लेकर बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन भी हंगामा देखने को मिला।
बीजद विधायक ने विपक्षी सदस्यों से कहा था कि वे सदन में अच्छे ‘मानसिक स्वास्थ्य’ के साथ आएं।
नयागढ़ से विधायक अरुण कुमार साहू ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी सदस्य जयनारायण मिश्रा और कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निजी सचिव और 5टी सचिव को बिना नाम लिए निशाना बनाए जाने के जवाब में ऐसा किया था।
राज्य सरकार की 5टी पहल की विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना को खारिज करते हुए साहू ने कहा, ‘‘दो मिश्रा राज्य सरकार के 5टी शासन के तरीके की आलोचना कर रहे हैं। 5टी सिद्धांत के जरिये विपक्षी विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों सहित सभी विधानसभाओं में पूर्ण विकास हो रहा है। अगर ओडिशा में विकास नहीं हुआ है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’’
राज्य सरकार द्वारा पेश 5टी दृष्टिकोण में टीम वर्क (टीम के रूप में कार्य), टेक्नोलॉजी (प्रौद्योगिकी), ट्रांसपेरेंसी (पारदर्शिता), ट्रांसफॉर्मेशन (परिवर्तन) और टाइम लिमिट (समय सीमा) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ को ‘मानसिक स्वास्थ्य की समस्या’ है और सभी से अनुरोध करूंगा कि सदन में अच्छे मानसिक स्वास्थ्य के साथ आएं।
बीजद विधायक द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों के विरोध में भाजपा सदस्य आसन के सामने आ गए और तत्काल साहू के इस बयान को कार्यवाही से हटाने की मांग करने लगे।
विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक ने कहा कि वह मामले को देखेंगी। उन्होंने भाजपा सदस्यों द्वारा नारेबाजी रोकने से इनकार किए जाने के बाद सदन की कार्यवाही अपराह्न चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही जब अपराह्न चार बजे शुरू हुई तब भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही शाम पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2023 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

