नयी दिल्ली, 29 जनवरी मुसलमान समुदाय तक पहुंच बढ़ाने के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रयासों के तहत संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी आगामी दिनों में देवबंद और बरेली के मुस्लिम आध्यात्मिक नेताओं से मुलाकात करेंगे और उनके साथ विभिन्न विवादास्पद मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि मुलाकात के लिए तारीख आपसी सहमति से तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि केरल में वरिष्ठ मुस्लिम आध्यात्मिक नेताओं के साथ भी जल्द ही एक बैठक हेागी।
इससे पहले 14 जनवरी को भी संघ के सदस्यों ने मुस्लिम आध्यात्मिक नेताओं से मुलाकात की थी और काशी एवं मथुरा में मंदिर और घृणा पैदा करने वाली सामग्री एवं भाषण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी।
इससे पहले संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने पिछले साल 22 अगस्त को समुदाय के पांच प्रमुख सदस्यों के साथ मुलाकात की थी।
सूत्रों ने बताया कि अगस्त की बैठक दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग के आवास पर हुई थी और आरएसएस का प्रतिनिधित्व करने वालों में सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, राम लाल और इंद्रेश कुमार भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने काशी और मथुरा मंदिर के मुद्दों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने पर बात की थी। बैठक में अजमेर दरगाह के सलमान चिश्ती के अलावा जमात-ए-इस्लामी हिंद और जमीयत उलमा-ए-हिंद सहित प्रमुख मुस्लिम निकायों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्ष बातचीत की प्रक्रिया जारी रखने और विवादित मुद्दों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने पर सहमत हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY