जयपुर, 17 मई राजस्थान सरकार ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के विकास के लिए 157.28 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
एक सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके तहत से सिरोही में 31.28 करोड़ रुपए की लागत से राज्य राजमार्ग-38 पर पांडीव से कालन्द्री तक सड़क को चौड़ा करने एवं पुल निर्माण के कार्य एवं 56 करोड़ रुपए की लागत से जालौर, पाली तथा बाड़मेर में बिशनगढ़-भवराणी-भोरड़ा-घाणा-धून्धाड़ा तक की सड़क को चौड़ा करने के कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा सात विधानसभा क्षेत्रों में 70 करोड़ रुपए की लागत से कुल 156 सड़क विकास कार्य करवाए जाएंगे।
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री के इस निर्णय से नवीन सड़कों के निर्माण से प्रदेश में सड़कें बेहतर होंगी एवं आमजन को यातायात में सुगमता होगी।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की थी।
एक अन्य फैसले के तहत राज्य के प्रत्येक संभाग में सलीम दुर्रानी आवासीय स्पोर्टस स्कूल स्थापित करने के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
प्रस्ताव के अनुसार, बीकानेर, कोटा, अजमेर, उदयपुर एवं भरतपुर संभाग में सलीम दुर्रानी आवासीय स्पोर्टस स्कूल स्थापित किये जाएंगे। इसके लिए 69.20 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
गहलोत के इस निर्णय से खिलाड़ियों को खेल के लिए उपयुक्त वातारण मिल सकेगा तथा संभाग स्तर पर आवासीय स्पोर्टस स्कूल होने से नजदीक ही खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY