देश की खबरें | आरपीएफ के एएसआई टीकाराम मीणा का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक उप-निरीक्षक टीकाराम मीणा का बुधवार को सवाई माधोपुर जिले के उनके पैतृक गांव श्यामपुरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जयपुर, दो अगस्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक उप-निरीक्षक टीकाराम मीणा का बुधवार को सवाई माधोपुर जिले के उनके पैतृक गांव श्यामपुरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सोमवार को आरपीएफ के एक कांस्टेबल द्वारा गोली मारने से मीणा की मौत हो गई थी।

मीणा के पार्थिव शरीर को बुधवार को पश्चिम एक्सप्रेस से मुंबई से सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन लाया गया। रेलवे स्टेशन से उनके पैतृक गांव श्यामपुरा तक शव यात्रा निकाली गई जिसमें स्थानीय निवासियों के साथ साथ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

शव यात्रा के श्यामपुरा पहुंचने पर मीणा को शहीद का दर्जा देने एवं अन्य मांगों को लेकर परिजनों सहित ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

सवाई माधोपुर के उप खंड अधिकारी (एसडीएम) कपिल शर्मा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा "परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मुआवजे और नौकरी के साथ-साथ शहीद का दर्जा देने की मांग की थी। उनसे बातचीत की गई। आश्वासन के बाद परिवार के सदस्य दाह संस्कार के लिए सहमत हुए।"

मीणा के दाह संस्कार में उनके बेटे राजेंद्र प्रसाद ने उन्हें मुखाग्नि दी। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\