एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से दी शिकस्त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद अनुज रावत की 66 रन की समझदारी भरी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में शनिवार को यहां मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराया।

खेल की खबरें | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से दी शिकस्त

पुणे, नौ अप्रैल गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद अनुज रावत की 66 रन की समझदारी भरी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में शनिवार को यहां मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराया।

मुंबई की चार मैचों में यह लगातार चौथी हार है जबकि आरसीबी को चार मैचों में तीसरी सफलता मिली है।

सूर्यकुमार यादव की 37 गेंद में नाबाद 68 रन की पारी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने छह विकेट पर 151 रन बनाये लेकिन आरसीबी ने 18.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

अनुज ने 47 गेंद की पारी में दो चौके और छह छक्के जड़े। उन्होंने कप्तान फाफ डुप्लेसी (16) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन की शानदार साझेदारी की। कोहली ने 36 गेंद की पारी में पांच चौके की मदद से 48 रन बनाये।

आरसीबी ने सतर्कता के साथ लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया और टीम ने पावर प्ले बिना किसी नुकसान के सिर्फ 30 बनाये जिसमें अनुज रावत ने दूसरे ओवर में पहली बार मुंबई के लिए खेल रहे जयदेव उनादकट के खिलाफ लगातार दो छक्के जड़े।

सातवें ओवर में अनुज रावत ने मुरुगन अश्विन के खिलाफ छक्का और डुप्लेसी ने चौका जड़कर ओवर से 15 रन बटोरे।

डुप्लेसी ने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर रावत के साथ 50 रन की साझेदारी की लेकिन अगले ओवर में उनादकट की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में सूर्यकुमार को कैच थमा बैठे।

कोहली ने पोलार्ड के खिलाफ चौका जड़कर हाथ खोलने के बाद पहले ओवर को मेडन डालने वाले बासिल थंपी का स्वागत 12वें ओवर में चौके से किया तो वही रावत ने आखिरी दो गेंदों पर छक्का और चौका जड़ दबाव कम किया।

रावत ने 14वें ओवर में बुमराह के खिलाफ एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इसके बाद जरूरी रन गति को कम करने के लिए पोलार्ड के खिलाफ 16वें और उनादकट के खिलाफ 17वें ओवर में छक्का जड़ा। वह हालांकि इसी ओवर में रमनदीप सिंह के थ्रो पर रन आउट हो गये।

शानदार लय में चल रहे दिनेश कार्तिक ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर टीम की जीत पक्की कर दी।

अगले ओवर की पहली गेंद पर हांलांकि डेवाल्ड ब्रेविस ने कोहली को पगबाधा कर दिया लेकिन इस मैच में टीम से ग्लेन मैक्सवेल ने अलगी दो गेंद पर दो चौके जड़कर टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले सूर्यकुमार ने अपनी पारी में पांच चौके और छह छक्के जड़े। उन्होंने खासकर मोहम्मद सिराज के खिलाफ खूब रन बटोरे , जिन्होंने अपने चार ओवर के कोटे में बिना किसी सफलता के 51 रन लुटा दिये।

मुंबई की टीम 14 ओवर में छह विकेट पर 80 रन बनाकर खराब स्थिति में थी लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने जयदेव उनादकट (नाबाद 13) के साथ 72 रन की अटूट साझेदारी कर संघर्ष करने के लायक स्कोर खड़ा किया।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मुंबई की टीम पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 49 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन सातवें ओवर में गेंदबाजी करने आये हर्षल पटेल ने अपनी गेंद पर कैच लपक कर शानदार लय में दिख रहे रोहित को पवेलियन की राह दिखा कर पहले विकेट की अर्धशतकीय साझेदारी को तोड़ा।

रोहित ने 15 गेंद में 26 रन की पारी में चार चौके और एक छक्का जड़ा।  

वानिंदु हसरंगा (28 रन पर दो विकेट) ने नौवें ओवर में  ब्रेविस (आठ) को पगबाधा कर  मुंबई को दूसरा झटका दिया तो वही आकाश दीप (20 रन पर एक विकेट) ने अगले ओवर में थर्ड मैन के स्थान पर खड़े सिराज के हाथों कैच कराकर किशन की 28 गेंद में 26 रन की पारी को खत्म किया। इसी ओवर में तिलक वर्मा भी खाता खोले बगैर ग्लेन मैक्सवेल के शानदार थ्रो पर रन आउट हो गये।

अगले ओवर में हसरंगा ने कीरोन पोलार्ड को पहली गेंद पर ही खाता खोले बगैर पगबाधा कर आरसीबी को पांचवीं सफलता दिलायी। मुंबई ने इस तरह 12 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिये जिसमें 62 के स्कोर पर ही तीन खिलाड़ी आउट हुये।

हर्षल ने इसके बाद अपना पहला मैच खेल रहे रमनदीप सिंह (06) के विकेट के रूप में दूसरी सफलता दर्ज की। इस समय मुंबई का स्कोर 13.2 ओवर में 79 रन था।

दूसरे छोर पर खड़े सूर्यकुमार यादव ने 15वें ओवर में शाहबाज के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर रन गति को पटरी पर लाने की कोशिश की।

उन्होंने 17वें ओवर में हसरंगा की गेंद को दर्शकों के पास भेजने के बाद अगले ओवर में हर्षल के खिलाफ दो चौके लगाये। इस बल्लेबाज ने 19वें ओवर में सिराज के खिलाफ छक्का जड़ने के बाद एक रन लेकर 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस ओवर में उन्होंने और दो छक्के लगाकर 23 रन बटोरे।

हर्षल पटेल ने 20वें ओवर में सिर्फ सात रन दिये जिसके आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार ने छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2022 11:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).