देश की खबरें | टीआरएस सांसद के बेटे से चाकू दिखा कर लूटपाट

हैदराबाद, दो अगस्त तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस के एक सांसद के बेटे से दो अज्ञात बदमाशों ने कथित रूप से चाकू की नोंक पर 75,000 रुपये का ऑनलाइन लेन-देन कराया और उसकी पिटाई की। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सांसद नामा नागेश्वर राव के बेटे एन. पृथ्वी तेजा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह 30 जुलाई को कार से तोलीचौकी मुख्य मार्ग से जा रहे थे, उसी दौरान बाइक सवार दो लोगों ने उनकी कार के आगे दोपहिया रोक कर उन्हें रुकने पर मजबूर किया।

तहरीर के अनुसार, दोनों बदमाश जबरन कार में घुस गए, एक आगे की सीट पर बैठ गया जबकि दूसरा पीछे की सीट पर बैठ कर शराब पीने लगा।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक ने सांसद के बेटे को चाकू की नोंक पर धमकी दी और दोनों ने उसकी पिटाई करके उसे 75हजार रुपये का ऑनलाइन लेन-देन करने को मजबूर किया। उन्होंने बताया कि इस बीच आरोपियों के तीन अन्य साथी भी कार के पास पहुंच गए।

तहरीर के अनुसार, बाद में दो बदमाशों में से एक ने कार चलाते हुए रास्ते में कई बाइकों को टक्कर मारी और बाद में उनसे (तेजा) कार चलाने को कहा।

पुलिस ने बताया कि कार के पंजागुट्टा थाने पहुंचने पर तेजा ने उसे रोका और उसमें से बाहर कूदने में सफल रहा, उसमें सवार अन्य आरोपी भी फरार हो गए।

अधिकारी ने बताया कि सांसद के बेटे से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)