एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | रोहित अर्धशतक से चूके, अब ऋषभ पर भरोसा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा केवल एक रन से अर्धशतक से चूक गये जिसके बाद भारत का इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिये दारोमदार ऋषभ पंत पर टिका है।

खेल की खबरें | रोहित अर्धशतक से चूके, अब ऋषभ पर भरोसा

अहमदाबाद, पांच मार्च सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा केवल एक रन से अर्धशतक से चूक गये जिसके बाद भारत का इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिये दारोमदार ऋषभ पंत पर टिका है।

भारत ने शुक्रवार को दूसरे दिन चाय के विश्राम तक छह विकेट पर 153 रन बनाये थे। वह अभी इंग्लैंड से 52 रन पीछे है जिसने अपनी पहली पारी में 205 रन बनाये थे। चाय के विश्राम के समय ऋषभ पंत 36 और वाशिंगटन सुंदर एक रन पर खेल रहे थे।

भारत ने सुबह बिना किसी नुकसान के 24 रन से आगे खेलना शुरू किया और बेहद सतर्कता बरती लेकिन उसने पहले सत्र में चेतेश्वर पुजारा (17), कप्तान विराट कोहली (शून्य) और अजिंक्य रहाणे (27) के महत्वपूर्ण विकेट गंवाये। भारत ने इस तरह से पहले सत्र में 56 रन जोड़े और तीन विकेट गंवाये।

अपने करारे शॉट्स के कारण ‘हिटमैन’ नाम पाने वाले रोहित ने बेहद सतर्क रवैया अपनाया और 144 गेंदों पर 49 रन बनाये। उन्होंने कुछ अवसरों पर ही अपने तेवर दिखाये। स्टोक्स की स्विंग लेती गेंद उन्हें हैरान करके पैड पर टकरायी और डीआरएस में साफ हो गया कि गेंद विकेट पर लग रही थी। स्टोक्स ने इससे पहले कोहली का विकेट भी लिया था।

भारत ने दूसरे सत्र में 73 रन जोड़े और रोहित के अलावा रविचंद्रन अश्विन (13) का विकेट भी गंवाया जो डीआरएस के सहारे बचने के बाद ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाये। उन्होंने जैक लीच (43 रन देकर दो) की गेंद पर शार्ट मिडविकेट पर खड़े ओली पोप को कैच का अभ्यास कराया।

इंग्लैंड के दोनों तेज गेंदबाजों जेम्स एंडरसन (19 रन देकर दो) और बेन स्टोक्स (33 रन देकर दो) ने पिच से मदद न मिलने के बावजूद प्रभावित किया।

पंत ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की। पिछले मैच में पांच विकेट लेने वाले जो रूट का स्वागत उन्होंने छक्के से किया लेकिन अच्छी गेंदों को पूरा सम्मान भी दिया। चाय के विश्राम से पहले अंतिम ओवर में डॉम बेस ने उनके खिलाफ पगबाधा की विश्वासनीय अपील की थी।

भारत की तरफ से कोई भी साझेदारी ज्यादा लंबी नहीं खिंच पायी। उसकी तीन साझेदारियां 40 रन के आसपास तक रही। इंग्लैंड ने उसे बीच बीच में झटके देकर दबाव बनाये रखा।

सुबह के पहले घंटे में रोहित और पुजारा ने सतर्क रवैया अपनाया। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 24 ओवरों में 40 रन की साझेदारी की। इस बीच इन दोनों ने गेंदबाजों को थकाने की रणनीति अपनायी और खराब गेंदों पर ही कुछ शॉट खेले।

पुजारा ने पर्याप्त समय क्रीज पर बिताया लेकिन जैक लीच (36 रन देकर एक) ने उन्हें अपना प्रिय शिकार बना दिया है। लीच की सीधी गेंद को उन्होंने आगे बढ़कर खेलने चाहा लेकिन बल्ला उनके पैड के पीछे रह गया और नितिन मेनन ने एक और अच्छा फैसला दिया।

मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को करारा झटका तब लगा जब भारतीय कप्तान ने स्टोक्स की अतिरिक्त उछाल लेती गेंद पर विकेटकीपर बेन फॉक्स को कैच थमाया। कोहली श्रृंखला में दूसरी बार खाता खोलने में नाकाम रहे।

रहाणे ने आते ही कुछ आकर्षक चौके लगाये लेकिन लंच से ठीक पहले एंडरसन की स्विंग लेती खूबसूरत गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में बेन स्टोक्स के सुरक्षित हाथों में चली गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2021 02:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).