देश की खबरें | सरकारी राजस्व की रक्षा के साथ ही पर्यावरण की रक्षा भी कर रहे रोहित मेहरा

चंडीगढ़, सात अगस्त वह आयकर अधिकारी हैं जो सरकारी राजस्व की रक्षा के लिए कर चोरों पर पैनी नजर रखने के साथ ही साथ ही हरित आवरण बढ़ाकर पर्यावरण की रक्षा करने में भी लगे हैं।

अतिरिक्त आयकर आयुक्त रोहित मेहरा वर्तमान में अमृतसर में तैनात हैं। उन्होंने पिछले पांच साल में अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, संगरूर, गुरदासपुर, मोहाली, दिल्ली, जम्मू, सूरत और बड़ौदा जैसे स्थानों पर 12 लाख पेड़-पौधे लगाए हैं तथा 700 वर्टिकल गार्डन और 250 शहरी वन उगाए हैं।

भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के 2004 बैच के अधिकारी मेहरा का कहना है, "हरित आवरण बढ़ाने के लिए पौधे उगाना मेरा जुनून है। यह पर्यावरण के लिए मेरी सेवा है।"

पर्यावरण रक्षा से संबंधित उनकी यात्रा लगभग पांच साल पहले तब शुरू हुई थी जब उनके बेटे के स्कूल ने धुंध और खराब वायु गुणवत्ता के कारण छुट्टी घोषित कर दी थी।

मेहरा ने नवंबर 2017 की इस घटना को याद करते हुए कहा, "उस समय मैंने सोचा था कि मैं अपने बच्चों के लिए स्वच्छ हवा सुनिश्चित नहीं कर सकता। इसने मुझे पर्यावरण के लिए कुछ करने को प्रेरित किया।"

उन्होंने कहा, "जीवन में आपके पास हमेशा दो विकल्प होते हैं, या तो किसी भी स्थिति पर प्रतिक्रिया दें या आप जाएं और कार्रवाई करके स्थिति को बदल दें, चाहे वह कितनी भी छोटी क्यों न हो। मैंने उसे बदलने के लिए छोटे-छोटे कदम उठाने शुरू कर दिए।"

उनका परिवार उस समय लुधियाना में रह रहा था।

मेहरा ने पीटीआई- से कहा, ''हम तभी स्वस्थ रह सकते हैं, जब हमारे आसपास स्वच्छ वातावरण हो।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)