देश की खबरें | संजय भंडारी से जुड़े पीएमएलए मामले में ईडी के समन पर पेश नहीं हुए रॉबर्ट वाद्रा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन में रह रहे कथित हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन पर मंगलवार को पेश नहीं हुए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 10 जून कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन में रह रहे कथित हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन पर मंगलवार को पेश नहीं हुए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि वाद्रा ने मंगलवार के समन पर स्थगन मांगा था और अब उन्हें नयी तारीख दी जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत वाद्रा का बयान दर्ज करना चाहता है और उसके बाद अदालत में उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करना चाहता है।
संघीय जांच एजेंसी ने हरियाणा में 2008 के भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धन शोधन मामले में रॉबर्ट वाद्रा (56) से अप्रैल में लगातार तीन दिन तक पूछताछ की थी।
वर्ष 2016 में आयकर विभाग द्वारा दिल्ली में छापेमारी के तुरंत बाद भंडारी (63) लंदन भाग गया था।
ब्रिटेन की एक अदालत ने इस महीने की शुरुआत में प्रत्यर्पण मामले में भंडारी को आरोप मुक्त किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में अपील करने की अनुमति के लिएभारत सरकार द्वारा दायर अर्जी को अस्वीकार कर दिया था। इस प्रकार कानून का सामना करने के लिए उसे देश में लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई है।
ईडी ने 2023 में इस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि भंडारी ने 2009 में लंदन में 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर स्थित मकान खरीदा और ‘‘रॉबर्ट वाद्रा के निर्देशानुसार, जिन्होंने नवीनीकरण के लिए धन मुहैया कराया था’’ इसका नवीनीकरण कराया।
वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि लंदन में उनकी कोई संपत्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से है। आरोपों को ‘‘राजनीतिक षड्यंत्र’’ करार देते हुए वाद्रा ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें ‘‘परेशान’’ किया जा रहा है।
प्रवर्तन निदेशालय राजस्थान के बीकानेर में एक भूमि सौदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित धन शोधन के एक अलग मामले में भी वाद्रा की जांच कर रहा है। संघीय जांच एजेंसी ने पहले इस मामले में वाद्रा और उनकी मां मौरीन से पूछताछ की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2025 08:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

