एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रॉबर्ट वाद्रा फिर ईडी के सामने पेश नहीं हुए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन निवासी शस्त्र सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में दूसरी बार प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष अपनी निर्धारित गवाही के लिए पेश नहीं हुए। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | रॉबर्ट वाद्रा फिर ईडी के सामने पेश नहीं हुए

नयी दिल्ली, 17 जून कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ब्रिटेन निवासी शस्त्र सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में दूसरी बार प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष अपनी निर्धारित गवाही के लिए पेश नहीं हुए। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्हें 10 जून को पेश नहीं होने के बाद मंगलवार (17 जून) को पेश होने के लिए कहा गया था।

वाद्रा के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने इस सप्ताह के लिए यूएई और ब्रिटेन की अपनी यात्रा की योजना एजेंसी को पहले ही बता दी है और भारत वापस आने के बाद वह जांच में शामिल होंगे।

वह 10 जून के लिए जारी समन के अनुसार पेश नहीं हुए थे और कहा कि 9 जून को उनमें फ्लू जैसे लक्षण थे और उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार कोविड जांच कराई थी।

तब उनके वकील ने कहा था कि वाद्रा का समन से बचने का कोई इरादा नहीं है और वह इस महीने के अंत में विदेश यात्रा से पहले या बाद में कभी भी ईडी के समक्ष पेश होने के लिए तैयार हैं।

समझा जाता है कि एजेंसी वाद्रा को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत बयान दर्ज करने के लिए तलब कर रही है जिसके बाद मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

संघीय जांच एजेंसी ने हरियाणा में 2008 के एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धनशोधन मामले में अप्रैल में लगातार तीन दिन तक कारोबारी वाद्रा से पूछताछ की थी। ईडी द्वारा धनशोधन के तीन मामलों में उनसे पूछताछ की जा रही है।

भंडारी (63) 2016 में आयकर विभाग द्वारा दिल्ली में छापेमारी के तुरंत बाद लंदन भाग गया था। इस महीने की शुरुआत में ब्रिटेन की एक अदालत ने प्रत्यर्पण मामले में भंडारी को बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के सर्वोच्च न्यायालय में अपील करने की अनुमति मांगने वाली भारत सरकार की अर्जी को खारिज कर दिया था, जिससे कानून का सामना करने के लिए उसे देश में लाए जाने की संभावना एक तरह से खत्म हो गई थी।

ईडी ने इस मामले में 2023 में आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि भंडारी ने 2009 में लंदन में 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर स्थित घर खरीदा और ‘रॉबर्ट वाद्रा के निर्देशों के अनुसार इसका नवीनीकरण कराया जिन्होंने नवीनीकरण के लिए धन मुहैया कराया था।’’

वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है।

आरोपों को ‘राजनीतिक षड्यंत्र’ करार देते हुए वाद्रा ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें ‘परेशान’ किया जा रहा है।

ईडी राजस्थान के बीकानेर में एक भूमि सौदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धन शोधन मामले में भी वाड्रा के खिलाफ जांच कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2025 05:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).