देश की खबरें | आरएलपी ने प्रश्नपत्र लीक प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

जयपुर, 17 जनवरी राजस्थान में नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने मंगलवार को राज्य में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग को लेकर यहां विरोध-प्रदर्शन किया।

शहर के शहीद स्मारक पर जमा हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रश्नपत्र लीक प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नारेबाजी की।

बेनीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक शुरुआत है। आज हजारों युवा यहां आए हैं और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। मुख्यमंत्री क्लीनचिट दे रहे हैं क्योंकि वे डरे हुए हैं। भाजपा मिली हुई है इसलिए जांच की मांग नहीं कर रही है।’’

वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक मामले में कोई भी नेता या अधिकारी संलिप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की वे ‘‘सरगना’’ ही हैं।

बेनीवाल ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए जाने चाहिए क्योंकि मुख्यमंत्री कार्यालय संदेह के घेरे में है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान पुलिस ने पिछले साल दिसंबर में द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में अब तक 37 अभ्यर्थियों समेत कुल 55 लोगों को गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)