ताजा खबरें | राजद की लालटेन भभक रही है, उसके बुझने का समय आ गया है: राजनाथ सिंह
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. बिहार में विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि यह ‘भ्रष्टाचारी परिवावादियों’ का समूह है जो अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए काम कर रहा है।
भागलपुर, 23 अप्रैल बिहार में विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि यह ‘भ्रष्टाचारी परिवावादियों’ का समूह है जो अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए काम कर रहा है।
बिहार के भागलपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की लालटेन (चुनाव चिह्न) में तेल खत्म हो गया है और यह जल्द बुझ जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और राजद दोनों ने विकास के नाम पर राज्य की जनता को धोखा दिया। उनका गठबंधन मूल रूप से भ्रष्टाचारी परिवारवादियों का समूह है जो अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए काम कर रहा है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि राजद की लालटेन भभक रही है। इसमें तेल खत्म हो गया है और इसके बुझने का समय आ गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार देश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है और 2027 तक भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की कोशिश कर रही है। लेकिन राजद बिहार को लालटेन के युग में वापस ले जाने की कोशिश कर रही है। वे चारवाहा मॉडल के बारे में बात करते हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित देश बनाना चाहते हैं।’’
सिंह ने आरोप लगाया कि महागठबंधन के नेताओं का एकमात्र उद्देश्य अपने परिवार के सदस्यों को बढ़ावा देना है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय के नाम पर देश में या बिहार में कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री का एकमात्र लक्ष्य गरीबों, पिछड़ों और समाज के अन्य सभी वर्गों को आगे ले जाना है।’’
सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में कई साहसिक फैसले लिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने जो फैसले लिए हैं, उनके बारे में पहले कभी सोचा नहीं गया था। अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली पर भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया। हमने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा किया। हम मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना चाहते थे और इसलिए तीन तलाक को खत्म कर दिया गया। हम वोट बैंक के लिए काम नहीं करते बल्कि हम देश की जनता के लिए काम करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बिहार रेजीमेंट के उन बहादुर जवानों की माताओं को सलाम करता हूं जिन्होंने पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ गतिरोध के दौरान अपने प्राणों की आहुति दे दी। बिहार रेजीमेंट के जवानों ने न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार के लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ हैं और वे निश्चित रूप से यह सुनिश्चित करेंगे कि राजग को राज्य की सभी 40 सीट मिलें।’’
सिंह भागलपुर से जदयू सांसद और लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार अजय कुमार मंडल के समर्थन में रैली को संबोधित कर रहे थे। भागलपुर में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

