RJD ने शेयर की ताबूत और नए संसद भवन की फोटो, भड़की BJP ने दी तीखी प्रतिक्रिया
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रविवार को नए संसद भवन की वास्तुकला की तुलना एक ताबूत से की, जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता राजद को ऐसे ही ताबूत में दफना देगी.
नयी दिल्ली/पटना, 28 मई: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रविवार को नए संसद भवन की वास्तुकला की तुलना एक ताबूत से की, जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता राजद को ऐसे ही ताबूत में दफना देगी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसद भवन का उद्घाटन करते ही बिहार में सत्तारूढ़ दल राजद ने एक ट्वीट किया जिसमें एक ताबूत और नए संसद भवन को अगल-बगल दिखाते हुए पूछा गया, "यह क्या है?" यह भी पढ़ें: New Parliament Building: नए संसद भवन की तुलना 'ताबूत' से करने पर घिरी RJD, जानें सफाई में तेजस्वी यादव ने क्या कहा (Watch Video)
भाजपा की बिहार इकाई ने ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “पहली तस्वीर आपका भविष्य है और दूसरी भारत की है। समझे?” भाजपा के राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट के लिए राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे ओछा और शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता
उन्होंने कहा, “उन्होंने दो तस्वीरें ट्वीट की हैं, एक नयी संसद की और दूसरी एक ताबूत की. नयी संसद की तस्वीर भारत के भविष्य को दिखाती है। ताबूत की तस्वीर राजद के भविष्य को दिखाती है.”
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि राजद ने यह तुलना करके देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं को आहत किया है. उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. यह उनका मानसिक दिवालियापन दिखाता है.’’
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पलटवार करते हुए कहा, “2024 में देश की जनता आपको इसी ताबूत में बंद करके दफना देगी और नए लोकतंत्र के मंदिर में आप को आने का मौका भी नहीं देगी. चलिए यह भी तय हुआ कि संसद भवन देश का है और ताबूत आपका." भाटिया ने कहा कि संसद का उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण है.
उन्होंने राजद के लिए कहा, ‘‘ आज एक ऐतिहासिक पल है और देश गौरवान्वित है. आप नजरबट्टू हैं और कुछ नहीं. छाती पीटते रहिए.’’ बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल ने एक वीडियो वक्तव्य में कहा, ‘‘इससे उनकी यह सोच सामने आ गयी है कि राजद को संसद के प्रति कोई सम्मान नहीं है.’’ राजद के किसी नेता का नाम लिये बिना जायसवाल ने कह कि उन्हें लगता है कि ‘उनके माता पिता ही मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री पदों पर रह सकते हैं.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2023 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

