देश की खबरें | राजद ने सार्वजनिक समारोह में महिला के कंधों पर हाथ रखने के लिए नीतीश की आलोचना की

पटना, 30 मार्च बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने एक सार्वजनिक समारोह में महिला के कंधों पर हाथ रखने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की रविवार को आलोचना की जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे।

विपक्षी पार्टी ने शहर के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम का एक वीडियो साझा किया जहां दोनों नेताओं ने 800 करोड़ रुपये से अधिक लागत की केंद्रीय और राज्य परियोजनाओं की शुरुआत की।

शाह ने केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की योजनाओं के लाभार्थियों को ‘‘डमी चेक’’ भी दिए।

ऐसी ही एक लाभार्थी, एक ग्रामीण महिला यह नहीं समझ पाई कि शाह उनसे एक तस्वीर के लिए कैमरे के सामने देखने को कह रहे हैं।

इस मौके पर, मुख्यमंत्री ने उक्त महिला के कंधे पर अपना हाथ रखते हुए उसका रुख पत्रकारों और छायाकारों की तरफ कर दिया।

राजद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैसे एक महिला को आपत्तिजनक तरीके से अपनी तरफ खींच रहे हैं और गृहमंत्री अमित शाह टुकुर-टुकुर देख रहे हैं। लाचार मुख्यमंत्री और बीमार भाजपा की जुगलबंदी बिहार को शर्मसार कर रही है।’’

इसने कहा, ‘‘2005 से पहले कोई मुख्यमंत्री ऐसे करता था जी, उ तो हम आए तब ना इ सब हुआ? ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)