देश की खबरें | आरजी कर मामला: प्रदर्शनकारी कनिष्ठ चिकित्सक अनिकेत की अस्पताल से छुट्टी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आर जी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मृतका के लिए न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल से स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए कनिष्ठ चिकित्सक अनिकेत महतो को छह दिन बाद बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी गई।

कोलकाता, 17 अक्टूबर आर जी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मृतका के लिए न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल से स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए कनिष्ठ चिकित्सक अनिकेत महतो को छह दिन बाद बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें (अनिकेत को) सात दिन तक ‘पूरी तरह आराम’ करने की सलाह दी है, जिसके बाद उनके स्वास्थ्य की समीक्षा की जाएगी।

चिकित्सकों ने अनिकेत को फिर से भूख हड़ताल न करने की सलाह दी है।

चिकित्सक ने कहा, “उनकी (अनिकेत की) हालत में सुधार हुआ है लेकिन उन्हें घर पर कम से कम सात दिन तक पूरी तरह आराम करने की जरूरत है। फिर से भूख हड़ताल करना जोखिम भरा हो सकता है।”

कनिष्ठ चिकित्सकों के जारी आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले महतो ने लोगों से मिल रहे निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “हम तब तक संघर्ष करते रहेंगे जब तक कि हमें अपनी सहकर्मी-बहन के लिए न्याय नहीं मिल जाता, जिसकी इतना क्रूर तरीके से हत्या हुई। हम अपनी आखिरी सांस तक लड़ेंगे।”

कनिष्ठ चिकित्सकों द्वारा शुरू किए गए आमरण अनशन का बृहस्पतिवार को 13वां दिन है।

अब तक छह अनशनकारी चिकित्सकों को गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वर्तमान में, आठ चिकित्सक मध्य कोलकाता में विरोध स्थल पर अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\