देश की खबरें | आर.जी.कर मामला: आगे जांच की अपील पर कलकत्ता उच्च न्यायालय में सोमवार को सुनवाई

कोलकाता, 21 मार्च कलकत्ता उच्च न्यायालय आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में प्रशिक्षु चिकित्सिका के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या मामले की आगे जांच की अपील को लेकर उनके माता-पिता की याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा।

माता-पिता की ओर से पेश वकील ने न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया और कहा कि उच्चतम न्यायालय ने उन्हें इस याचिका के साथ उच्च न्यायालय की नामित एकल पीठ में जाने को कहा था।

न्यायमूर्ति घोष ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह मामला सुनवाई के लिए सोमवार को उनकी अदालत की सूची में शामिल होगा।

प्रशिक्षु चिकित्सिका के माता-पिता ने अपनी याचिका में आगे की जांच सीबीआई से कराने की अपील की है। इस मामले की जांच का जिम्मा पहले ही उच्च न्यायालय ने सीबीआई को सौंप दिया था।

वकील ने कहा कि अदालत ने पहले माता-पिता को शीर्ष अदालत से स्पष्टीकरण लेने को कहा था क्योंकि यह मामला शीर्ष अदालत में स्वत: संज्ञान के तहत लंबित था।

वकील ने बताया कि शीर्ष अदालत ने पीड़िता के माता-पिता को उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने की स्वतंत्रता दी है।

मामले की त्वरित सुनवाई की अपील करते हुए वकील ने कहा कि यह मामला अत्यंत महत्वपूर्ण है।

न्यायमूर्ति घोष ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी।

संजय रॉय को इस मामले में दोषी ठहराते हुए सियालदह सत्र अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, सीबीआई अभी भी मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता के माता-पिता का दावा है कि इस अपराध में अन्य लोग भी शामिल थे और वे चाहते हैं कि सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)