खेल की खबरें | रेजा और गुरजोत की जोड़ी को स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत के लिए पेरिस ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली युवा निशानेबाज रेजा ढिल्लों ने रविवार को यहां गुरजोत खंगुरा के साथ मिलकर स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जो उनका एशिया ओलंपिक क्वालीफिकेशन शॉटगन प्रतियोगिता में तीसरा पदक है।
कुवैत सिटी, 21 जनवरी भारत के लिए पेरिस ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली युवा निशानेबाज रेजा ढिल्लों ने रविवार को यहां गुरजोत खंगुरा के साथ मिलकर स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जो उनका एशिया ओलंपिक क्वालीफिकेशन शॉटगन प्रतियोगिता में तीसरा पदक है।
भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक मैच में अब्दुल्ला अलराशिदी और इमान अल शमा की स्थानीय जोड़ी को 41-39 से हराया।
शनिवार को 19 वर्षीय रेजा ने महिलाओं के स्कीट व्यक्तिगत वर्ग में रजत पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया था। पुरुष स्कीट में यही कारनामा अनंतजीत सिंह नरूका ने किया था। रेजा ने इसके अलावा महिला स्कीट टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था।
भारत ने इस तरह से एक स्वर्ण पदक, तीन रजत पदक और चार कांस्य पदक जीतकर तालिका में चौथे स्थान पर रहते हुए अपने अभियान का अंत किया।
स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा को पहली बार ओलंपिक में शामिल किया गया है और भारतीयों ने इससे पहले इस स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन किया।
रेजा और गुरजोत ने क्वालिफिकेशन में 150 में से 138 अंक बनाए और आखिर में कांस्य पदक के मुकाबले में अपनी जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने इस मुकाबले में अच्छी शुरुआत की और पहली दो सीरीज के बाद वह बढ़त पर थी।
कुवैत की टीम ने इसके बाद अच्छी वापसी की लेकिन पांचवी सीरीज में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा जबकि भारतीय जोड़ी ने अपने चारों निशाने सही लगाए। छठी सीरीज में दोनों जोड़ियां बराबरी पर रही और इस तरह से भारतीय जोड़ी ने दो अंक से जीत हासिल की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 21, 2024 08:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

