चंडीगढ़, 14 जनवरी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को अधिकारियों से आदमपुर (जालंधर) हवाईअड्डे पर मार्च के अंत तक घरेलू उड़ानों की बहाली सुनिश्चित करने को कहा।
मान ने चंडीगढ़ में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोगों की सुविधा के लिए मार्च के अंत तक हवाई अड्डे पर उड़ानें फिर से शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल लोगों, खासकर प्रवासी भारतीयों के समय, धन और ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि हवाई अड्डा से उड़ान शुरू होने से सामान्य रूप से इस क्षेत्र और विशेष रूप से जालंधर शहर के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
मान ने कहा कि इससे चिकित्सा पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लुधियाना के हलवारा में सिविल एयर टर्मिनल का निर्माण कार्य तीन महीने के भीतर पूरा करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार सिविल एयर टर्मिनल पर काम जल्द पूरा कराने के लिए पहले ही 50 करोड़ रुपये की राशि जारी कर चुकी है।
मान ने कहा कि राज्य के आर्थिक विकास को गति देने के लिए परियोजना का समय पर पूरा होना जरूरी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY