देश की खबरें | पाकिस्तान के लाहौर जेल में बंद है संभल का निवासी : पुलिस अधीक्षक

संभल (उप्र), 15 फरवरी उत्तर प्रदेश के संभल जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने शनिवार को पुष्टि की कि जिले का एक व्यक्ति पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद है और यह व्यक्ति साल 2012 से ही लापता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मीडिया की रिपोर्टों से पता चला है कि संभल के दीपा सराय निवासी मोहम्मद उस्मान वर्तमान में पाकिस्तान की लाहौर सेंट्रल जेल में बंद है।

इस सवाल पर कि क्या विदेश मंत्रालय ने उस्मान के बारे में कोई जानकारी मांगी है, संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ''हमें सक्षम अधिकारियों से एक पत्र मिला है जिसमें पुष्टि की गई है कि मोहम्मद उस्मान लाहौर सेंट्रल जेल में बंद है। उसके परिवार से संपर्क करने पर हमें पता चला कि वह 2012 से लापता है।"

उन्होंने बताया कि उस्मान के परिवार ने उन्हें बताया था कि वह वर्ष 2000 के आसपास कुछ समय के लिए लौटा था मगर उसके बाद वह फिर से लापता हो गया था।

कुमार ने कहा, ''पत्र में विशेष रूप से उसके विवरण के सत्यापन का अनुरोध किया गया था और हमने सभी प्रासंगिक जानकारी अधिकारियों को भेज दी है।''

पुलिस ने शाम को जारी एक बयान में मोहम्मद उस्मान को "फरार आतंकवादी" बताया।

बयान में भगोड़े आतंकवादी के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया, ''नखासा थाना क्षेत्र के दीपा सराय निवासी भगोड़े आतंकवादी उस्मान के संबंध में यह सूचित किया जाता है कि विदेश मंत्रालय से प्राप्त सूचना के आधार पर दीपा सराय के अजमल रोड निवासी मोहम्मद उस्मान वर्तमान में पाकिस्तान के लाहौर सेंट्रल जेल में बंद है। उस्मान के परिवार से पूछताछ करने पर पता चला कि वह 2012 से फरार है।''

बयान में आगे कहा गया कि साल 2015 में दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए), भारतीय दंड संहिता और भारतीय पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत उस्मान और 16 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

बयान के मुताबिक, ''उस्मान को दिल्ली पुलिस ने साल 2016 में भगोड़ा घोषित किया था। वह दीपा सराय के अपने साथियों के साथ अलकायदा में शामिल हो गया था। दीपा सराय के एक अन्य निवासी मौलाना आसिम उमर के भी 23 सितंबर 2019 को अफगानिस्तान में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे जाने की खबर है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)