देश की खबरें | प्रतिनिधियों ने जी 20 ईडीडब्ल्यूजी की आखिरी बैठक में मंत्रिस्तरीय घोषणा के मसौदे पर चर्चा की

पुणे , 20 जून महाराष्ट्र के पुणे में मंगलवार को शुरू हुई चौथे एवं अंतिम शिक्षा कार्य दल (ईडीडब्ल्यूजी) की बैठक में जी 20 देशों के प्रतिनिधियों ने मंत्रिस्तरीय घोषणा के मसौदे पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधियों ने 22 जून को शिक्षा मंत्रियों की बैठक में प्रस्तुत किये जाने वाले परिणाम दस्तावेज को अंतिम रूप देने पर विचार मंथन किया। यूनीसेफ, ओईसीडी और यूनेस्को जैसे अंतररराष्ट्रीय संगठनों ने शिक्षा कार्यदल की रिपोर्ट पेश की।

भारत की जी 20 अध्यक्षता के मुख्य समन्वयक हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा, ‘‘ दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत को वैश्विक एवं स्थानीय चुनौतियों के हल का स्रोत समझा जा रहा है। चेन्नई, अमृतसर और भुवनेश्वर में हुई पिछली ईडीडब्ल्यूजी बैठकों में श्रेष्ठ पद्धतियों के बहुमूल्य विनिमय में प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण, अनुसंधान एवं सहयोग और कार्य के भविष्य पर ध्यान दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ चौथी और अंतिम बैठक में मूलभूत साक्षरता एवं अंकज्ञान (एफएलएन) के विषय पर चर्चा हुई। भारत एक ऐसी समावेशी वैश्विक व्यवस्था की ओर बढ़ने पर ध्यान दे रहा है जो संपोषणीय वैश्विक भलाई के लिए वैचारिक मतभेद के बावजूद मिलकर काम करे।’’

इस चौथी बैठक के अवसर पर सावित्रीबाई फूले विश्वविद्यालय में 17-22 जून के दौरान मल्टीमीडिया प्रदर्शनी लगी है। इस प्रदर्शनी में एनसीईआरटी, आईकेएस (इंडियन नॉलेज सिस्टम), माइक्रोसॉफ्ट, निपुन भारत इनिशिएटिव , यूनीसेफ , यूनेस्को और कई अन्य संगठन हिस्सा ले रहे हैं।

जी 20 शिक्षा कार्यबल की पहली बैठक जनवरी में चेन्नई में हुई थी, दूसरी मार्च में अमृतसर में और तीसरी अप्रैल में भुवनेश्वर में हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)