देश की खबरें | दिल्ली के मायापुरी फ्लाईओवर की मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा : लोक निर्माण विभाग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जल्द ही पश्चिमी दिल्ली के व्यस्त रिंग रोड पर मायापुरी फ्लाईओवर के रखरखाव का काम शुरू करेगा। विभाग की ओर से मरम्मत कार्य के लिए निविदा जारी की गयी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 25 जुलाई लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जल्द ही पश्चिमी दिल्ली के व्यस्त रिंग रोड पर मायापुरी फ्लाईओवर के रखरखाव का काम शुरू करेगा। विभाग की ओर से मरम्मत कार्य के लिए निविदा जारी की गयी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य में फ्लाईओवर के एक्सपेंशन जॉइंट्स और बियरिंग्स को बदलना और “रोड़ी और हनीकॉम्ब कंक्रीट” की मरम्मत शामिल होगी।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अप्रैल में कहा था कि सरकार नारायणा और दिल्ली छावनी तक फैले मायापुरी फ्लाईओवर की मरम्मत करेगी। पीडब्ल्यूडी ने घोषणा के बाद 23 जुलाई को निविदा जारी की थी। दस्तावेज के अनुसार निविदा की कीमत 2.08 करोड़ रुपये है।
पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि यह एक पुराना फ्लाईओवर है, जिसके कंक्रीट में जगह-जगह “गिट्टियां और छत्ते” लगे हैं।
उन्होंने कहा कि एक्सपेंशन जॉइंट्स में खाली जगह बढ़ रही है, इसलिए गिट्टियों और 'हनीकॉम्ब्ड कंक्रीट' की मरम्मत और एक्सपेंशन जॉइंट्स को बदलना भविष्य में किसी भी बड़ी समस्या को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है।
मरम्मत कार्य शुरू होने पर फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही बंद हो सकती है। इसलिए व्यस्त समय में रखरखाव के काम से यातायात जाम होने की संभावना है।
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि रखरखाव का काम इस तरह से किया जाएगा जिससे यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
बता दें कि शहर में छह फ्लाईओवरों पर रखरखाव का काम पहले से ही चल रहा है। ओखला फ्लाईओवर, जनक सेतु फ्लाईओवर, पुल मिठाई फ्लाईओवर, ओबेरॉय-लोधी रोड फ्लाईओवर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट फ्लाईओवर और नेहरू नगर फ्लाईओवर की मरम्मत की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)