एजेंसी न्यूज

Delhi Rains Update: बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली में गर्मी से मिली राहत, कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज हवाएं चलने और वर्षा होने से गर्मी से राहत मिली लेकिन इसके कारण शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और यातायात जाम हुआ. अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

Delhi Rains Update: बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली में गर्मी से मिली राहत, कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित
बारिश/ प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Getty)

नई दिल्ली, 11 जून: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को तेज हवाएं चलने और वर्षा होने से गर्मी से राहत मिली लेकिन इसके कारण शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और यातायात जाम हुआ. दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से दिल्ली-नोएडा फ्लाईवे पर एक बड़ा होर्डिंग गिर जाने से यातायात अवरुद्ध हुआ. शहर के कुछ और इलाकों में भी पेड़ गिरने की घटनाएं हुयीं. दिल्ली पुलिस को पेड़ गिर जाने से यातायात बाधित होने के संबंध में 22 कॉल आई.

अधिकारियों ने बताया कि धूल भरी आंधी और वर्षा होने से सराय काले खां के पास एक पारेषण लाइन में गड़बड़ी आ गई जिससे दक्षिण दिल्ली के कुछ इलााकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई. बिजली आपूर्ति कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि बिजली की आपूर्ति कुछ अन्य क्षत्रों में भी बाधित हुई क्योंकि बिजली के तार पेड़ की टहनियां गिरने की वजह से टूट गए. मौसम विभाग ने कहा कि वर्षा एक बड़े क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते हुई. मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में प्रति घंटे 50 किलोमीटर तक की रफ्तार से हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई.

यह भी पढ़ें: Delhi Rains Update: दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश से डीएनडी पर साइनबोर्ड गिरने से सड़क बंद

मौसम विभाग ने कहा कि आंधी नोएडा और गाजियाबाद में अधिक थी. उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण नमी वाली हवाओं के आने से 12 और 13 जून को दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में बारिश होगी. वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि 15 जून तक राजधानी में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना नहीं है.

सफदरजंग वेधशाला ने बारिश से पहले अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. रविवार को वेधशाला ने अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम था. पालम और आयानगर मौसम स्टेशनों ने अधिकतम तापमान क्रमशः 43.6 डिग्री सेल्सियस और 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. आर्दता 43 से 74 प्रतिशत के बीच रही.

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार शाम में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2020 11:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).