जरुरी जानकारी | ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीकरण 25 करोड़ पर : यादव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों के पंजीकरण का आंकड़ा छह महीने के भीतर 25 करोड़ तक पहुंच गया है।

नयी दिल्ली, सात मार्च केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों के पंजीकरण का आंकड़ा छह महीने के भीतर 25 करोड़ तक पहुंच गया है।

केंद्रीय मंत्री ने असंगठित क्षेत्र के 38 करोड़ कामगारों का ब्योरा रखने के लिए अगस्त, 2021 में ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत की थी।

सरकार का इस पोर्टल के जरिये असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों जैसे निर्माण मजदूर, प्रवासी कार्यबल, रेहड़ी-पटरी वाले और घरेलू कामगारों को पंजीकृत करने का लक्ष्य है।

केंद्रीय मंत्री ने आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में मंत्रालय द्वारा आयोजित सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम में कहा, ‘‘ई-श्रम पोर्टल ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के आदर्श वाक्य को पूरा करने की दिशा में खुद को एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में स्थापित किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस मंच पर छह महीने से भी कम समय में 25 करोड़ पंजीकरण तक पहुंचना सामूहिक इच्छाशक्ति को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा कि उमंग मोबाइल एप्लिकेशन पर भी ई-श्रम पोर्टल उपलब्ध कराया गया है, जो केंद्र और राज्य सरकार की सेवाओं और राष्ट्रीय कैरियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल तक पहुंच प्रदान करता है।

इस दौरान यादव ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन (पीएम-एसवाईएम) पेंशन योजना के तहत 'डोनेट-अ-पेंशन' पहल की भी घोषणा की।

इस पहल के तहत नागरिक अपने घर या प्रतिष्ठान में अपने तत्काल सहायक कर्मचारियों जैसे घरेलू कामगारों वाहन चालकों, सहायकों, देखरेख करने वालों, नर्सों के लिए योगदान कर सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\