देश की खबरें | रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

श्रीनगर, छह अगस्त जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत क्षेत्र में तीन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।

सिन्हा ने कहा, “मेरा मानना है कि रेलवे कनेक्टिविटी समाज की जीवन रेखा है। रेलवे लाइन न सिर्फ विभिन्न क्षेत्रों के साथ कनेक्टिविटी को मजबूत करती है बल्कि यह आर्थिक समृद्धि भी लाती है और जीवन स्तर को बदल देती है और संबंधित क्षेत्र की नई नियति का निर्माण करती है।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रविवार को 24,470 करोड़ रुपये की लागत से देशभर में 508 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखने के बाद सिन्हा बडगाम रेलवे स्टेशन पर एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जम्मू कश्मीर में तीन रेलवे स्टेशन- जम्मू तवी, उधमपुर और बडगाम का पुनर्विकास किया जाएगा।

सिन्हा ने कहा, "इस वित्तीय वर्ष के अंत तक कश्मीर से कन्याकुमारी जुड़ जाएगा। यह घाटी को देश के सभी महत्वपूर्ण वाणिज्यिक केंद्रों से जोड़ देगा।"

उपराज्यपाल ने कहा कि रेलवे बोर्ड ने कश्मीर में पांच अंतिम स्थान सर्वेक्षण कार्यों को मंजूरी दे दी है जिनमें बारामूला-बनिहाल रेलवे लाइन का दोहरीकरण, न्यू बारामूला-उरी, अवंतीपोरा-शोपियां, सोपोर-कुपवाड़ा और अनंतनाग-बिजबेहड़ा-पहलगाम रेल लाइन शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)