खेल की खबरें | मंधाना, पैरी के अर्धशतकों से आरसीबी का बड़ा स्कोर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान स्मृति मंधाना और हरफनमौला एलिसे पैरी के अर्धशतकों से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने यूपी वारियर्स के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग के मैच में सोमवार को तीन विकेट पर 193 रन बनाये ।

बेंगलुरू, चार मार्च कप्तान स्मृति मंधाना और हरफनमौला एलिसे पैरी के अर्धशतकों से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने यूपी वारियर्स के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग के मैच में सोमवार को तीन विकेट पर 193 रन बनाये ।

पिछले दो मैच हारने के बाद आरसीबी ने सोफी डेवाइन की जगह एस मेघना से पारी की शुरूआत कराई । मेघना और मंधाना ने 5 . 3 ओवर में 51 रन जोड़कर आरसीबी को मजबूत शुरूआत दी । आरसीबी ने पावरप्ले में एक विकेट पर 57 रन बनाये । मंधाना ने 50 गेंद में दस चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाये ।

पैरी ने 37 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 58 रन की पारी खेली । मंधाना और पैरी ने दूसरे विकेट के लिये 64 गेंद में 95 रन की साझेदारी की ।

मंधाना ने यूपी के गेंदबाजों को चारों तरफ स्ट्रोक्स लगाये । उन्होंने 28 रन पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए आफ स्पिनर चामरी अटापट्टू और बायें हाथ की तेज गेंदबाज अंजलि सरवनी की जमकर धुनाई की ।

आफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने उन्हें पवेलियन भेजा और डीप मिडविकेट में पूनम खेमनार ने कैच लपका ।

बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ को लगातार दो छक्के लगाने वाली पैरी और रिचा घोष ने तीसरे विकेट के लिये 18 गेंद में 42 रन जोड़े ।

यूपी वारियर्स की वृंदा दिनेश कंधे की चोट डब्ल्यूपीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गई । उन्हें 28 फरवरी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी ।

यूपी टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज उमा छेत्री को विकल्प के तौर पर दस लाख रूपये की बेसप्राइज पर लिया । उमा ने भारत ए के लिये इंग्लैंड ए के खिलाफ खेला और एसीसी इमर्जिंग महिला एशिया कप 2023 जीतने वाली भारत ए इमर्जिंग टीम का भी हिस्सा थी ।

आरसीबी ने चोटिल श्रेयांका पाटिल की जगह अनुभवी एकता बिष्ट को उतारा ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\