देश की खबरें | राशन घोटाला: अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता से ईडी ने पांच घंटे तक पूछताछ की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बांग्ला अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता से करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले में जारी जांच के सिलसिले में बुधवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोलकाता, 19 जून बांग्ला अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता से करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले में जारी जांच के सिलसिले में बुधवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पांच घंटे से अधिक समय तक चली पूछताछ के दौरान सेनगुप्ता से पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक के साथ उनके संबंधों के बारे में पूछा गया, जिन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभिनेत्री से यह भी पूछा गया कि क्या मलिक के मंत्री रहते हुए उनके कार्यालय और राज्य खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के बीच कोई वित्तीय लेनदेन हुआ था।
ईडी के एक अधिकारी ने कहा, “हमने उनके बैंक खातों के माध्यम से किए गए लेनदेन सहित कुछ विवरणों का भी सत्यापन किया है। उन्होंने कुछ दस्तावेज जमा किए हैं, जिनका भी सत्यापन किया जाएगा।”
पूछताछ के बाद सेनगुप्ता ने दावा किया कि कथित अनियमितताओं से उनका कोई संबंध नहीं है।
ईडी कार्यालय से निकलते समय उन्होंने कहा, “मैंने उनके साथ पूरा सहयोग किया है। मैंने उन्हें आवश्यक दस्तावेज मुहैया कराए हैं। मैं इस मामले पर ज्यादा बात नहीं कर सकती।”
ईडी ने अभिनेत्री को पांच जून को पेश होने को कहा था, लेकिन चूंकि वह अमेरिका में थीं, इसलिए उन्होंने एजेंसी से दूसरी तारीख देने का अनुरोध किया था।
ईडी ने 2019 में रोज वैली चिटफंड मामले में सेनगुप्ता से पूछताछ की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)