नयी दिल्ली, दो मई देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के कारण संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर शनिवार को 40,000 के करीब पहुंच गई।
हालांकि संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हुए लोगों की संख्या भी 10,000 से अधिक हो गई है। इस बीच, सरकार ने आर्थिक गतिविधियां बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कृषि क्षेत्र में सुधार के रास्तों पर शीर्ष मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों से चर्चा की। इसमें खास तौर पर कृषि विपणन, संस्थागत ऋण तक किसानों की पहुंच को सुगम बनाने और कृषि क्षेत्र को कानूनी उपायों के माध्यम से विभिन्न पाबंदियों से मुक्त करने पर जोर दिया गया ।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिये देश भर में लागू बंद से प्रभावित उद्योगों को दूसरा राहत पैकेज देने के बारे में बात की। देश में 25 मार्च से बंद लागू हुआ था, जिसका तीसरा चरण सोमवार से शुरू होगा और यह 17 मई तक लागू रहेगा। तीसरे चरण में कुछ पाबंदियों में ढील दी जाएंगी।
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने शनिवार को बैंकों के प्रमुखों के साथ बैठक की। इस बैठक में कोविड-19 संकट के बीच आर्थिक स्थिति और वित्तीय प्रणाली के दबाव को कम करने के लिए केंद्रीय बैंक द्वारा उठाए गए कदमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
राज्यों के प्राधिकारियों ने भी सोमवार से मिलने वाली विभिन्न छूटों के लिए योजनाएं तैयार कर ली है। इस दौरान उन क्षेत्रों में दुकानें एवं व्यावसायिक गतिविधियां बहाल करने की अतिरिक्त छूट मिलेगी, जहां संक्रमण के मामले सामने नहीं आए हैं या कम मामले सामने आए हैं। हालांकि हवाई, रेल और अंतरराज्यीय सड़क यात्रा आम लोगों के लिए प्रतिबंधित रहेगी।
कोरोना वायरस संकट को काबू करने के प्रयासों में जुटे लाखों डॉक्टरों, चिकित्साकर्मियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य कोरोना योद्धाओं को रविवार को धन्यवाद देने के लिए विभिन्न अस्पतालों पर पुष्पवर्षा, समुद्र में खड़े जहाजों पर रोशनी करने और फ्लाई-पास्ट के लिए सेना ने जबरदस्त इंतजाम किए हैं।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को कहा था कि थलसेना, वायुसेना और नौसेना तीनों कोरोना योद्धाओं को धन्यवाद देने के लिए कई कार्यक्रम करेंगे।
इस बीच, देशभर में लागू बंद के कारण फंसे लाखों प्रवासी कर्मियों और छात्रों को उनके मूल स्थानों तक ले जाने के लिए विशेष ट्रेनों एवं बसों का संचालन जारी रहा।
कई रेटिंग एजेंसियों और अन्य विभिन्न संगठनों ने मौजूदा वित्त वर्ष में देश की आर्थिक विकास दर में तेज गिरावट का अंदेशा जताया है और कुछ अनुमानों में जीडीपी में समग्र गिरावट की आशंका जताई गई है।
सरकार ने हाशिये पर स्थित लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिये मार्च के अंत में गरीब महिलाओं और बुजुर्गों के लिये 1.7 लाख करोड़ रुपये के प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की थी। सूत्रों ने बताया कि गरीबों के लिए दूसरा राहत पैकेज और भारत के कंपनी जगत के लिए भी पैकेज दिया जा सकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के कारण 71 लोगों की मौत होने के बाद मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 1,223 हो गई।
उसने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 2,411 मामले दर्ज किए गए जिसके कारण संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 37,776 पहुंच गई।
मंत्रालय ने बताया कि देश में 10,017 लोग स्वस्थ हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक 26.52 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’
हालांकि विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा रात्रि पौने 10 बजे तक मुहैया कराई गई संख्या की ‘पीटीआई ’ की गणना के अनुसार देश में कम से कम 39,321 लोग संक्रमित हैं और 1,316 लोगों की मौत हो चुकी हैं जबकि 10,222 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY