देश की खबरें | तेजी से विकास के लिए कुशल शासन की जरूरत: वी. सोमन्ना

ईटानगर, आठ मार्च केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना ने अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की और जनता की जरूरतों को पूरा करने तथा तेजी से विकास लिए कुशल शासन के महत्व पर जोर दिया।

आधिकारिक बयान में शनिवार को कहा गया कि केंद्रीय रेल और जल शक्ति राज्य मंत्री सोमन्ना ने सभी हितधारकों से जन कल्याण को प्राथमिकता देने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि लोगों को इन योजनाओं का समय पर प्रभावी रूप से लाभ पहुंचे।

समीक्षा बैठक के दौरान शुक्रवार को उन्होंने विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को सुचारू रखने के लिए राज्य और केंद्र सरकार की एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के मकसद से स्थापित ‘जन औषधि योजना’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने इस पहल के लिए पूर्ण सरकारी समर्थन का आश्वासन दिया।

इससे पहले, लोहित के उपायुक्त के. एन. दामो ने जिले के विकास पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अरुणाचल पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद तापिर गाओ ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) पर चिंता जताते हुए कहा कि अपर्याप्त केंद्रीय अनुदान के कारण यह कार्यक्रम राज्य सरकार के वित्तपोषण पर काफी हद तक निर्भर है।

उन्होंने बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांग व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने वाले इस कार्यक्रम को जारी रखने के लिए अधिक केंद्रीय सहायता की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)