मैं और रणबीर एक-दूसरे के हिसाब से अपने कार्यक्रम बनाते हैं, ताकि कोई एक हमेशा राहा के साथ रहे: आलिया भट्ट
अभिनेत्री आलिया भट्ट ने शनिवार को कहा कि वह और उनके पति रणबीर कपूर एक-दूसरे के हिसाब से अपना कार्यक्रम तय करते हैं, ताकि उनमें से कोई एक हर समय बेटी राहा के साथ रहे.
नयी दिल्ली, 5 नवंबर : अभिनेत्री आलिया भट्ट ने शनिवार को कहा कि वह और उनके पति रणबीर कपूर एक-दूसरे के हिसाब से अपना कार्यक्रम तय करते हैं, ताकि उनमें से कोई एक हर समय बेटी राहा के साथ रहे. आलिया ने कहा कि वह और रणबीर कामकाजी पेशेवर होने के नाते उन युवा माता-पिता के साथ काफी जुड़ाव महसूस करते हैं, जो पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने बच्चों का पालन-पोषण और कामकाज संभालते हैं.
आलिया (30) ने शनिवार को यहां ‘हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट’ में कहा, “सच्चाई यह है कि आपको अपनी प्राथमिकताएं सही रखनी होती हैं. हमारी प्राथमिकता हमेशा राहा रहती है. और आज जो हम हैं, उसकी एक वजह हमारा काम है. मुझे पता है कि मैं अपने इस पक्ष को खोना नहीं चाहती, क्योंकि इससे मुझे खुशी मिलती है. काम की वजह से आपका जूनून कायम रहता है. और जब वह (राहा) बड़ी हो जाएगी, तो वह अपने माता-पिता के जीवन के इस पहलू का सम्मान करेगी.” आलिया ने कहा, “हम एक-दूसरे के हिसाब से अपने-अपने कार्यक्रम बनाने की कोशिश करते हैं, ताकि हममें से कोई एक हर समय राहा के साथ रहे.” यह भी पढ़ें : Elvish Yadav Arrested: एल्विश यादव को राजस्थान में हिरासत में लिया गया, बाद में रिहा किया गया- सूत्र
आलिया और रणबीर (41) ने अप्रैल 2022 में शादी की थी. उसी वर्ष नवंबर में उनकी बेटी राहा का जन्म हुआ था. अभिनेत्री ने बताया कि रणबीर ने अगले कुछ महीनों के लिए अपना शेड्यूल खाली कर लिया है, ताकि वह फिल्म निर्माता वासन बाला के निर्देशन में बन रही अपनी आगामी फिल्म "जिगरा" पर काम कर सकें.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2023 12:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

