एजेंसी न्यूज

रामायण ने स्थापित किया कीर्तिमान, विश्व में सर्वाधिक देखा गया धारावाहिक

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा करने के बाद दूरदर्शन पर रामायण का पुनः प्रसारण किया गया था।

रामायण ने स्थापित किया कीर्तिमान, विश्व में सर्वाधिक देखा गया धारावाहिक
जमात

नयी दिल्ली, दो मई भारतीय टेलीविजन पर 33 साल बाद पुनः प्रसारित हुए “रामायण” ने सर्वाधिक देखे गए धारावाहिक का विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा करने के बाद दूरदर्शन पर रामायण का पुनः प्रसारण किया गया था।

दूरदर्शन नेशनल ने कहा कि 16 अप्रैल को विश्व भर में 7.7 करोड़ लोगों ने धारावाहिक देखा।

दूरदर्शन नेशनल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, “दूरदर्शन पर रामायण के पुनः प्रसारण ने विश्वभर में दर्शकों का कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया। 16 अप्रैल को इसे 7.7 करोड़ लोगों ने देखा जिसके बाद यह विश्व में सर्वाधिक देखा जाने वाला धारावाहिक बन गया।”

एक अन्य ट्वीट में लिखा गया, “सभी दर्शकों को धन्यवाद! रामायण विश्व कीर्तिमान ! विश्वभर में सर्वाधिक देखा गया कार्यक्रम।”

दूरदर्शन पर पहली बार 1987 में प्रसारित हुए रामायण के लेखक, निर्माता और निर्देशक रामानंद सागर थे।

धारावाहिक में अरुण गोविल ने राम की भूमिका निभाई थी।

गोविल के अतिरिक्त दीपिका चिखलिया टोपीवाला ने सीता और सुनील लहरी ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी।

धारावाहिक में ललिता पवार ने मंथरा, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और दारा सिंह ने हनुमान की भूमिका निभाई थी।

पुनः प्रसारित हुए रामायण की अंतिम कड़ी 18 अप्रैल को दिखाई गई थी जिसके बाद “उत्तर रामायण” का प्रसारण किया गया।

उत्तर रामायण की अंतिम कड़ी का प्रसारण शनिवार को किया जाएगा। इसके बाद रविवार से रामानंद सागर के एक अन्य लोकप्रिय धारावाहिक “श्री कृष्ण” का प्रसारण किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 05:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).