देश की खबरें | रामनवमी आ रही है, हम देखते हैं कितना विरोध करते हो: प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भाग नहीं लेने पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को कहा कि ‘‘राम नवमी आ रही है, हम देखते हैं कितना विरोध करते हो?’’
जयपुर, छह अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भाग नहीं लेने पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को कहा कि ‘‘राम नवमी आ रही है, हम देखते हैं कितना विरोध करते हो?’’
प्रधानमंत्री मोदी ने पुष्कर (अजमेर) में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘ राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जाने का विरोध करना...ये शोभा देता है क्या?। इतना ही नहीं, अगर कोई प्राण प्रतिष्ठा में आ गया तो उसको कांग्रेस पार्टी से छह साल के लिए निकाल दिया। क्या इस देश में ऐसा हो सकता है? प्रभु राम के बिना देश की कल्पना कर सकते हो?’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ हमारे यहां तो सुबह शाम जब भी मिलते हैं तो ‘राम राम’ सा करते हैं। अंतिम विदाई में भी ‘राम बोलो राम से’ कहा जाता है। उस राम के खिलाफ इतना गुस्सा क्यों? राम नवमी आ रही है, सज धज के लोग इसे मनाने वाले हैं हम देखते हैं कितना विरोध करते हो?’’
भगवान राम के जन्मदिन पर रामनवमी मनाई जाती है जो इस बार 17 अप्रैल को है। कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने अयोध्या में 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था। कांग्रेस का कहना था कि यह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यक्रम है और भाजपा ने राम मंदिर को राजनीतिक परियोजना बना दिया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने उसकी ‘‘लूट की दुकान का शटर गिरा दिया’’ इसलिए वह ‘बौखलाई’ हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई जारी रहेगी और अपने तीसरे कार्यकाल के पहले सौ दिन में ही भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े फैसले लेने जा रही है।
उन्होंने कांग्रेस को ‘‘परिवारवादी एवं भ्रष्टाचारी’’ पार्टी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता। कांग्रेस ने न कभी गरीबों की परवाह की और न ही कभी वंचितों, शोषितों एवं युवाओं के बारे में सोचा।’’ उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतना ही भ्रष्टाचारी पार्टी।’’
मोदी ने कहा, ‘‘ये जो देश के बड़े-बड़े नामदार हैं-- कांग्रेस एवं शाही परिवार के बड़े नामदार , वे इस कामदार को गाली देते हैं... शायद गाली देना वे अपना अधिकार मानते होंगे। लेकिन यह कामदार ऐसा है कि हर गाली को पचा जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ ये लोग मोदी से इसलिए नाराज हैं क्योंकि मोदी आज देश के गांव-गरीब के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। जनता के पैसे को लूटना ये लोग अपना खानदानी हक समझते थे। मोदी ने लूट की इस बीमारी का स्थायी इलाज कर दिया है। मोदी ने इनकी लूट की दुकान का शटर गिरा दिया है। इसलिए ये बौखलाए हुए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस का घमंडिया गठबंधन मोदी से परेशान है, इसलिए वह चिढ़ता है। वह गुस्सा करता है, गाली देता है। लेकिन कांग्रेस के लोग समझ लें, आप जितना कीचड़ उछालेंगे, कमल उतना ही ज्यादा खिलने वाला है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘मैं कहता हूं कि भ्रष्टाचार हटाओ, वे कहते हैं कि भ्रष्टाचारी बचाओ। कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए रैली नहीं कर रही है, भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए रैली कर रही है। ये कितना भी बोलते रहें, भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई जारी रहेगी।’’
केंद्र में भाजपा सरकार के आगामी तीसरे कार्यकाल की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ मेरी सरकार का तीसरा कार्यकाल बहुत दूर नहीं है। पहले सौ दिन में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा सरकार और भी बड़े फैसले लेने जा रही है। मैं तैयारी करके बैठा हूं। मैंने सारी तैयारी शुरू कर दी है। इसलिए मैं कहता हूं कि आपने दस साल में जो कार्रवाई देखी, वह तो सिर्फ ट्रेलर है, अभी तो बहुत कुछ होना बाकी है।’’
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र ‘न्याय पत्र’ को ‘झूठ का पुलिंदा’ करार देते हुए मोदी ने कहा,‘‘कल कांग्रेस पार्टी ने एक झूठ का पुलिंदा जारी किया। उसने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। यह झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस की एक बहुत बड़ी सच्चाई...कांग्रेस को बेनकाब करने वाला यह घोषणा पत्र है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘आप देखिए, हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। मुस्लिम लीग के उस समय के विचारों को कांग्रेस आज भारत पर थोपना चाहती है।’’
उन्होंने कहा,‘‘ मुस्लिम लीग की छाप वाले इस घोषणा पत्र में जो बचा-खुचा हिस्सा था उसपर वामपंथी हावी हो गए हैं। आज की कांग्रेस के पास न सिद्धांत बचा है, न ही नीतियां बची हैं। ऐसा लग रहा है कांग्रेस सबकुछ ठेके पर दे चुकी है।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं जब उस देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है। 2024 का यह चुनाव ऐसा ही बड़ा अवसर है। यह कोई सामान्य चुनाव नहीं है।’’
साल 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार आने से पहले के समय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कितने दशकों से हमारे देश में जोड़ तोड़ वाली सरकारें चल रहीं थीं। गठबंधन की मजबूरियां, हर किसी के अपने स्वार्थ। इस सबमें देश के हित पीछे छूट गए थे। कांग्रेस के समय में गाँव, गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं युवाओं- इनका जीना मुश्किल हो गया था।’’
मोदी ने कहा, ‘‘ जिस तेज रफ्तार से देश का विकास होना चाहिए वह तेज रफ्तार सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।’’
केंद्र में भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल को ‘ट्रेलर’ बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ हमने यह जो कुछ भी किया है वह तो सिर्फ ट्रेलर है... अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। इसलिए मैं कहता हूं कि आपका सपना, यह मोदी का संकल्प है। हमें 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। हमें भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाना है। हमें हर प्रकार से भारत को आत्मनिर्भर बनाना है।’’
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीट- श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।
दूसरे चरण में 13 सीट- टोंक, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़ पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 06, 2024 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

