ताजा खबरें | हंगामे की वजह से राज्यसभा की बैठक दोपहर बारह बजे तक स्थगित
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
नयी दिल्ली, 22 जुलाई विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
हंगामे की वजह से उच्च सदन में शून्यकाल नहीं हो पाया।
सदन की बैठक शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद उन्होंने बताया कि उन्हें, नियत कामकाज स्थगित कर बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कवायद समेत अन्य विषयों पर चर्चा करने के लिए सदस्यों की ओर से कुछ नोटिस मिले हैं।
हरिवंश ने कहा कि नोटिस यथोचित न पाए जाने की वजह से अस्वीकार कर दिए गए हैं।
इसी दौरान विपक्षी सदस्यों ने अपने-अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ सदस्य अपने स्थानों से उठकर आगे भी आ गए। शोरगुल के बीच ही उपसभापति ने शून्यकाल के तहत सदस्यों से मुद्दे उठाने को कहा।
उन्होंने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से अपने स्थानों पर लौट जाने और शांत रह कर सदन की कार्यवाही चलने देने का अनुरोध किया। हंगामा थमते न देख उन्होंने करीब 11 बजकर पांच मिनट पर बैठक को दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफा देने के एक दिन बाद उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता की। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति होते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 22, 2025 11:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

