ताजा खबरें | राज्यसभा ऑस्कर फर्नाडीज और पांच पूर्व सदस्यों को श्रृद्धांजलि देने के बाद एक घंटे के लिए स्थगित
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार को शुरू होने के बाद राज्यसभा की बैठक अपने वर्तमान सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नाडीज तथा पांच पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद 11 बज कर 20 मिनट पर एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।
नयी दिल्ली, 29 नवंबर संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार को शुरू होने के बाद राज्यसभा की बैठक अपने वर्तमान सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नाडीज तथा पांच पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद 11 बज कर 20 मिनट पर एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।
उच्च सदन की बैठक शुरू होने के बाद नवनिर्वचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद सभापति एम वेंकैया नायडू ने ऑस्कर फर्नाडीज और पांच पूर्व सदस्यों के निधन का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री फर्नाडीज का 13 सितंबर को 88 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने बताया कि फर्नाडीज ने उच्च सदन में चार बार कर्नाटक का प्रतिनिधित्व किया। नायडू ने कहा ‘‘फर्नाडीज के निधन से देश ने बहुमुखी प्रतिभा के धनी एक मुखर सांसद, उत्कृष्ट समाज सेवक और एक कुशल प्रशासक को खो दिया है।’’
सभापति ने बताया कि उच्च सदन के पूर्व के बी शानप्पा का नौ मई 2021 को 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बताया कि विभिन्न मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखने वाले प्रख्यात पत्रकार चंदन मित्रा भी उच्च सदन के सदस्य थे जिनका एक सितंबर 2021 को 66 साल की उम्र में निधन हो गया।
सभापति ने बताया कि पूर्व सदस्य हरिसिंह नलवा का 88 साल की उम्र में नौ सितंबर 2021 को, मोनिका दास का 82 साल की उम्र में सात नवंबर 2021 को और अवनि राय का 82 साल की उम्र में 25 नवंबर 2021 को निधन हो गया।
इसके बाद सदन में दिवंगत नेताओं के सम्मान में सदस्यों ने कुछ पलों का मौन रखा। श्रद्धांजलि देने के बाद सभापति नायडू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नाडीज के सम्मान में बैठक 11 बज कर 20 मिनट पर एक घंटे के लिए स्थगित कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 29, 2021 12:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

