देश की खबरें | राजस्थान: राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति चुनाव में सोमवार को राजस्थान विधानसभा में अपराह्न तीन बजे तक 193 विधायकों ने वोट डाला।

जयपुर, 18 जुलाई राष्ट्रपति चुनाव में सोमवार को राजस्थान विधानसभा में अपराह्न तीन बजे तक 193 विधायकों ने वोट डाला।

एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा परिसर स्थित मतदान कक्ष में सुबह दस बजे मतदान शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे तक 193 विधायक वोट डाल चुके थे। विधानसभा में कुल 200 विधायक हैं। मतदान का आधिकारिक समय शाम 5 बजे तक है।

अधिकारियों के अनुसार अपरान्ह तक मतदान नहीं करने वाले सात विधायकों में भारतीय ट्राइबल पार्टी बीटीपी के दो विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भंवर लाल शर्मा शामिल हैं।

सुबह मतदान शुरू होने पर विधायकों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। शुरुआती मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी शामिल थे। मतदान करवाने के लिए मतदान कक्ष में चार निर्वाचन अधिकारी, दो सहायक निर्वाचन अधिकारी, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति चुनाव में दो उम्मीदवार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष समर्थित यशवंत सिन्हा हैं।

राजस्थान में कांग्रेस के 108, भारतीय जनता पार्टी के 71 एवं 13 निर्दलीय विधायक हैं। राज्य से लोकसभा के 25 एवं राज्यसभा के 10 सदस्य हैं।

निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया कि मतदान समाप्ति के पश्चात अधिकृत अधिकारी मत युक्त मतपेटी एवं अन्य मतदान सामग्री को हवाई मार्ग द्वारा नई दिल्ली ले जाकर कार्यालय रिटर्निंग ऑफिसर, राज्यसभा सचिवालय को जमा कराएगा। मतपेटी एवं अन्य दस्तावेज ले जाने के लिए एक पृथक हवाई टिकट आरक्षित किया जाएगा।

पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\