एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान : बारातियों को लेकर जा रही कार नदी में गिरी, दूल्हे समेत नौ लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बारातियों को लेकर मध्य प्रदेश जा रही एक कार के रविवार को यहां चंबल नदी में गिर जाने से दूल्हे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | राजस्थान : बारातियों को लेकर जा रही कार नदी में गिरी, दूल्हे समेत नौ लोगों की मौत

कोटा (राजस्थान), 20 फरवरी बारातियों को लेकर मध्य प्रदेश जा रही एक कार के रविवार को यहां चंबल नदी में गिर जाने से दूल्हे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (शहर) केसर सिंह शेखावत ने बताया कि यह हादसा रविवार तड़के नयापुरा पुलिस थाना इलाके में उस समय हुआ, जब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार पुल से नदी में गिर गई।

राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के आश्रितों को दो लाख रुपये और दो या दो से अधिक सदस्यों को खोने वाले परिवारों को पांच लाख रुपये का मुआवजे देने की घोषणा की है।

शेखावत ने बताया कि पुलिस को इस घटना के बारे में सुबह सात बजकर 50 मिनट पर सूचना मिली, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। शेखावत ने बताया कि नदी में सात-आठ फुट गहराई में डूबी कार से शुरुआत में सात शवों को बाहर निकाला गया। बाद में दो और शवों को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बाराती राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा गांव से मध्य प्रदेश के उज्जैन जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान दूल्हे, अविनाश वाल्मीकि (23), उसके भाई केशव (30), कार चालक इस्लाम खान (35), कुशल (22), शुभम (23), रोहित वाल्मीकि (22), राहुल (25), विकास वाल्मीकि (24) और मुकेश गोचर (35) के रूप में हुई है।

कोटा के जिलाधिकारी हरिमोहन मीणा ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। बारात एक बस के साथ चौथ का बरवाड़ा से करीब 2.30 बजे अन्य मेहमानों को लेकर निकली थी। उन्होंने बताया कि एमबीएस अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद सरकारी एंबुलेंस से मृतकों के शवों को उनके पैतृक स्थानों पर भेज दिया गया है।

लोकसभा अध्यक्ष और कोटा-बूंदी के सांसद ओम बिरला और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है।

गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित नौ लोगों की मौत होना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने जिलाधिकारी से बात करके पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें और दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।’’

गहलोत ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री भजनलाल जाटव को घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं। कोटा हादसे में प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो लाख रूपये की सहायता राशि एवं एक परिवार से दो या अधिक मृतकों पर अधिकतम पांच लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान किये जाने के निर्देश दिए हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 20, 2022 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).